ओम पब्लिक स्कूल, कांदुल में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया शाला प्रवेश उत्सव
*जिला ब्यूरो तरुण साहू*
अर्जुन्दा। ओम पब्लिक स्कूल, कांदुल में शाला प्रवेश उत्सव हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर पूजा-अर्चना एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं का तिलक लगाकर, पुष्प अर्पित कर आत्मीय स्वागत किया गया तथा उनका मुंह मीठा कराते हुए मिठाई खिलाई गई। विद्यालय परिवार की ओर से विद्यार्थियों को पुस्तकें एवं अन्य शैक्षणिक सामग्री भी वितरित की गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में ग्राम पंचायत कांदुल के सरपंच पदुमलाल साहू उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में ग्राम विकास समिति कांदुल के अध्यक्ष जीवनलाल देवांगन तथा शाला विकास समिति के अध्यक्ष शीत कुमार साहू शामिल हुए। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रबंधक दानेश्वर प्रसाद साहू, प्रधान पाठक रोशनी साहू, शिक्षिकाएं दुलारी साहू, कुमारी वर्षा चंद्रवंशी, कीर्ति साहू सहित ग्रामीणजन, पालक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में सरपंच पदुमलाल साहू ने विद्यार्थियों को शिक्षा, अनुशासन एवं संस्कारों का महत्व बताते हुए मन लगाकर अध्ययन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विद्यालय परिवार के प्रयासों की सराहना की।
विशिष्ट अतिथि जीवनलाल देवांगन ने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्यों एवं संस्कारों से जोड़ना है, ताकि वे भविष्य में जिम्मेदार, संस्कारी और सफल नागरिक बन सकें।
शाला विकास समिति के अध्यक्ष शीत कुमार साहू ने आभार व्यक्त करते हुए विद्यालय की स्वच्छता, ड्रेस कोड तथा गुणवत्तापूर्ण पढ़ाई पर विशेष ध्यान देने की बात कही। उन्होंने पालकों से भी बच्चों की नियमित उपस्थिति एवं शिक्षा के प्रति सहयोग का आग्रह किया।
कार्यक्रम के दौरान सभी अतिथियों ने विद्यालय के विकास में सहयोग देने की घोषणा की। अतिथियों द्वारा दो सीलिंग पंखे, दो ब्लैकबोर्ड तथा दो पानी के जार विद्यालय को प्रदान करने की घोषणा की गई। अंत में विद्यालय परिवार की ओर से सभी अतिथियों का बहुमूल्य समय, सहयोग एवं योगदान के लिए आभार व्यक्त किया गया।
Sanjeev singh Address bhartiya nagar bilaspur 7000103836
