सिकोसा-बेलौदी-सतमरा मार्ग जर्जर: सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे, बारिश में उग्र आंदोलन की चेतावनी पर भी मौन प्रशासन

सिकोसा-बेलौदी-सतमरा मार्ग जर्जर: सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे, बारिश में उग्र आंदोलन की चेतावनी पर भी मौन प्रशासन

बालोद / गुंडरदेही  तरुण साहू):

बालोद जिले के गुंडरदेही ब्लॉक अंतर्गत सिकोसा से बेलौदी, सतमरा, सियनमरा और अरमरीकला को जोड़ने वाला मार्ग इस समय बदहाली के आंसू रो रहा है। सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढों और उखड़े डामर के कारण बारिश का पानी जमा हो रहा है, जिससे यह मार्ग आए दिन हादसों को न्योता दे रहा है। मरम्मत कार्य न होने से स्थानीय जनता और छात्र-छात्राओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

स्कूली बच्चों और राहगीरों के लिए बनी आफत

सतमरा और सियनमरा के बीच सड़क की हालत अत्यंत जर्जर हो चुकी है। अरमरी कला से बेलौदी मार्ग पर जगह-जगह डामर उखड़ जाने के कारण जलभराव की स्थिति बनी हुई है। भारी वाहनों की आवाजाही से साइकिल से स्कूल जाने वाले छात्र-छात्राओं पर कीचड़ उछलता है, जिससे उनके यूनिफॉर्म खराब हो जाते हैं। इसके साथ ही, कीचड़ व गड्ढों की वजह से यात्रा में समय भी अधिक लग रहा है।

जनप्रतिनिधि और प्रशासन की अनदेखी से आक्रोश

क्षेत्रवासियों का आरोप है कि इस क्षेत्र में सत्ताधारी दल के जनपद सदस्य, पूर्व विधायक एवं अन्य वरिष्ठ जनप्रतिनिधि मौजूद हैं, फिर भी इस मार्ग की कोई सुध नहीं ली जा रही है। अधिकारी और शासन-प्रशासन लगातार इस गंभीर मुद्दे को नजरअंदाज कर मौन बैठे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि जब भी शिकायत की जाती है, तो केवल कोरे आश्वासन देकर पल्ला झाड़ लिया जाता है।

ग्रामीणों की चेतावनी:

“अगर जल्द ही सड़क का मरम्मत कार्य शुरू नहीं किया गया, तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। बारिश के दिनों में यदि कोई अप्रिय घटना या दुर्घटना होती है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी।”

क्षेत्रीय नागरिकों ने क्षेत्रीय विधायक और संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों से एक बार फिर गुहार लगाई है कि जनता और स्कूली बच्चों की समस्याओं को देखते हुए जल्द से जल्द सड़क सुधार का कार्य शुरू कराया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *