23 दिसंबर से सजेगा क्रिकेट का मैदान, 12 समाजों की टीमें खिताब के लिए भिड़ेंगी
पनिकार ब्रदर्स क्रिकेट क्लब का तीसरा वर्ष, सर्व समाज की भिड़े की बाराती में विजेता को मिलेंगे 1.11 लाख और उपविजेता को 55 हजार रुपये; ट्रॉफी लॉन्चिंग के साथ टूर्नामेंट का शंखनाद
बिलासपुर। क्रिकेट के चौके-छक्कों के बीच सामाजिक एकता, भाईचारे और सद्भाव का संदेश देने के लिए न्यायधानी में एक बार फिर सर्व समाज क्रिकेट प्रतियोगिता का रोमांच देखने को मिलेगा। पनिकर ब्रदर्स क्रिकेट क्लब एवं सर्व समाज के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस रात्रिकालीन क्रिकेट टूर्नामेंट का आगाज 23 दिसंबर 2026 से होगा, जो जनवरी 2027 तक चलेगा। गांधी चौक स्थित मिनी स्टेडियम में होने वाली इस प्रतियोगिता में ऑल छत्तीसगढ़ स्तर पर विभिन्न समाजों की 12 टीमें हिस्सा लेंगी और खिताबी मुकाबले के लिए अपना दमखम दिखाएंगी।
खास बात यह है कि सर्व समाज द्वारा लगातार तीसरे वर्ष इस प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। पिछले दो वर्षों में मिले उत्साह और समर्थन को देखते हुए इस बार आयोजन को और भव्य स्वरूप दिया जा रहा है। प्रतियोगिता का उद्देश्य केवल खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच देना नहीं, बल्कि खेल के माध्यम से विभिन्न समाजों को एक सूत्र में पिरोना और युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना भी है।
*ट्रॉफी लॉन्चिंग के साथ प्रतियोगिता का शंखनाद*
प्रतियोगिता की तैयारियों के बीच 25 नवंबर को तोरवा पावर हाउस स्थित इंडेन गार्डन में भव्य ट्रॉफी लॉन्चिंग समारोह आयोजित किया गया। इसमें पनिकर ब्रदर्स क्रिकेट क्लब के सदस्यों के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने वाली सभी 12 टीमों के खिलाड़ी और प्रतिनिधि शामिल हुए। ट्रॉफी के अनावरण के साथ ही टूर्नामेंट को लेकर खिलाड़ियों में उत्साह और प्रतिस्पर्धा का माहौल नजर आने लगा।
*नशे से दूर, खेल के मैदान से जुड़ें युवा*
आयोजकों का कहना है कि आज के दौर में युवाओं को नशे जैसी बुराइयों से दूर रखकर खेलकूद और रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ना समय की जरूरत है। इसी सोच के साथ सर्व समाज मिलकर इस प्रतियोगिता का आयोजन कर रहा है, ताकि युवाओं को अपनी खेल प्रतिभा दिखाने के साथ अनुशासन, टीम भावना और आपसी सहयोग सीखने का अवसर मिले। अलग-अलग समाजों की टीमें एक ही मैदान पर उतरकर सामाजिक एकजुटता और भाईचारे की मिसाल पेश करेंगी।
*विजेता को 1.11 लाख, उपविजेता को 55 हजार रुपये*
प्रतियोगिता को और रोमांचक बनाने के लिए आयोजकों ने आकर्षक पुरस्कार राशि भी रखी है। खिताब जीतने वाली टीम को 1 लाख 11 हजार रुपये, जबकि उपविजेता टीम को 55 हजार रुपये प्रदान किए जाएंगे। इससे खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ने के साथ मुकाबलों में कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिलने की उम्मीद है।
अब शहर के क्रिकेट प्रेमियों को 23 दिसंबर का इंतजार है, जब गांधी चौक मिनी स्टेडियम दूधिया रोशनी से जगमगाएगा और मैदान में चौकों-छक्कों की गूंज सुनाई देगी। 12 समाजों की टीमें खेल कौशल, जुनून और टीम भावना के साथ खिताब के लिए जोर आजमाइश करेंगी। यह टूर्नामेंट क्रिकेट के रोमांच के साथ सामाजिक एकता का भी बड़ा मंच बनेगा।
Sanjeev singh Address bhartiya nagar bilaspur 7000103836

