[responsivevoice_button voice="Hindi Female" buttontext="यह खबर हिंदी आडिओ में सुने "]

*दो वर्षों की उपलब्धियों के साथ तीसरे वर्ष की नई उड़ान की तैयारी में छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन, 28 जून को बिलासपुर में होगा प्रदेश स्तरीय महासम्मेलन*

 

दो वर्षों की उपलब्धियों के साथ तीसरे वर्ष की नई उड़ान की तैयारी में छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन, 28 जून को बिलासपुर में होगा प्रदेश स्तरीय महासम्मेलन

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन ने प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी के नेतृत्व में अपने सफल दो वर्ष पूरे कर लिए हैं। इस दौरान संगठन ने सराफा व्यापारियों के हितों की रक्षा, संगठन विस्तार, सुरक्षा, जागरूकता, डिजिटल सशक्तिकरण और व्यापारिक विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए। अब संगठन तीसरे वर्ष में नई उपलब्धियों के साथ आगे बढ़ने का संकल्प लेकर 28 जून को बिलासपुर में प्रदेश स्तरीय सराफा महासम्मेलन एवं तृतीय आमसभा आयोजित करने जा रहा है।

शुक्रवार को बिलासपुर प्रेस क्लब में आयोजित राज्य स्तरीय प्रेस वार्ता में संगठन की दो वर्षों की उपलब्धियों पर आधारित विशेष छायाचित्र प्रदर्शनी लगाई गई। इसमें संगठन विस्तार, सराफा जन-संवाद अभियान, जेम्स एंड ज्वेलरी पार्क, ऑपरेशन गोल्ड, बीआईएस हॉलमार्क जागरूकता अभियान सहित विभिन्न गतिविधियों को प्रदर्शित किया गया।

प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी ने बताया कि जनवरी 2024 में संगठन की 60 सक्रिय इकाइयाँ थीं, जो अब बढ़कर 125 से अधिक हो चुकी हैं। संगठन का लक्ष्य प्रदेशभर में 251 इकाइयों का गठन कर प्रत्येक सराफा व्यापारी को एक मजबूत मंच से जोड़ना है। इसके लिए सभी संभागों में आमसभाएं, जन-संवाद अभियान और संगठन विस्तार कार्यक्रम लगातार संचालित किए जा रहे हैं।

महासम्मेलन 28 जून, रविवार को सुबह 10 बजे रामदेव लॉन, 36 मॉल के पास, मंगला (बिलासपुर) में आयोजित होगा, जिसमें प्रदेशभर से करीब 5,000 सराफा व्यापारी, प्रतिनिधि और पदाधिकारी शामिल होंगे।

संगठन ने बीआईएस हॉलमार्क जागरूकता अभियान, ग्राहक जागरूकता कार्यक्रम और प्रशिक्षण कार्यशालाओं के माध्यम से व्यापारियों एवं ग्राहकों के बीच विश्वास मजबूत करने का कार्य किया है। वहीं, बिलासपुर पुलिस द्वारा संचालित ‘ऑपरेशन गोल्ड’ को पुलिस और सराफा व्यापारियों के उत्कृष्ट समन्वय का उदाहरण बताते हुए संगठन ने पुलिस अधिकारियों और टीम का सम्मान भी किया। सरकंडा डकैती मामले का 24 घंटे में खुलासा संगठन की प्रमुख उपलब्धियों में शामिल रहा।

रायपुर में प्रस्तावित जेम्स एंड ज्वेलरी पार्क को लेकर शासन स्तर पर हुई महत्वपूर्ण प्रगति को भी संगठन की बड़ी उपलब्धि बताया गया। संगठन का मानना है कि इस परियोजना से प्रदेश के सराफा उद्योग को नई पहचान और आधुनिक व्यापारिक सुविधाएं मिलेंगी।

महासम्मेलन में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 317 के सरलीकरण का मुद्दा प्रमुखता से उठाया जाएगा। संगठन का कहना है कि वर्तमान प्रावधानों से व्यापारियों को व्यावहारिक और कानूनी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है, इसलिए शासन से सरल एवं स्पष्ट नियम बनाए जाने की मांग की जाएगी।

कमल सोनी ने कहा कि संगठन का लक्ष्य केवल विस्तार तक सीमित नहीं है, बल्कि व्यापारियों की सुरक्षा, व्यापारिक हितों की रक्षा, जेम्स एंड ज्वेलरी पार्क की स्थापना, स्वर्णकला बोर्ड के गठन और प्रदेश के प्रत्येक सराफा व्यापारी को एक सशक्त मंच उपलब्ध कराना है। उन्होंने विश्वास जताया कि संगठन का तीसरा वर्ष नई उपलब्धियों और नई मिसालों का वर्ष साबित होगा। आयोजन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं और प्रदेश तथा जिला स्तर के पदाधिकारी इसे सफल बनाने में जुटे हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *