साइंस कॉलेज और कोनी में गूंजा जय श्रीराम का जयघोष, तोखन साहू की मौजूदगी में हुआ रावण दहन
विजयादशमी पर बुराई के अंत और सदाचार की राह पर चलने का संदेश, आतिशबाजी के बीच उमड़ा श्रद्धालुओं का जनसैलाब
बिलासपुर। असत्य पर सत्य और अधर्म पर धर्म की विजय का प्रतीक विजयादशमी का पर्व बिलासपुर में उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। शहर के साइंस कॉलेज मैदान और कोनी में आयोजित रावण दहन कार्यक्रमों में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू शामिल हुए। दोनों स्थानों पर भव्य आयोजन, भगवान श्रीराम की झांकी और आकर्षक आतिशबाजी ने उत्सव का माहौल बनाया। रावण दहन के दौरान पूरा परिसर जय श्रीराम के नारों से गूंज उठा।
साइंस कॉलेज मैदान और कोनी में भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण और हनुमान की सुसज्जित झांकी श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही। झांकी के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। धार्मिक उत्साह के बीच आयोजित कार्यक्रमों में लोगों ने विजयादशमी के पर्व को आस्था और परंपरा के साथ मनाया।
अहंकार और अन्याय के त्याग का संदेश
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने कहा कि विजयादशमी केवल रावण के पुतले के दहन का पर्व नहीं, बल्कि अपने भीतर मौजूद अहंकार, अन्याय और नकारात्मक विचारों को समाप्त करने का भी संदेश देता है। भगवान श्रीराम का जीवन मर्यादा, सत्य, त्याग और कर्तव्यनिष्ठा का आदर्श प्रस्तुत करता है। उनके आदर्शों को अपनाकर समाज में प्रेम, सद्भाव और नैतिक मूल्यों को मजबूत किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में शस्त्र पूजन और शमी पूजन का विशेष महत्व है। शक्ति का उपयोग सदैव धर्म की रक्षा, समाज के कल्याण और राष्ट्र की सुरक्षा के लिए होना चाहिए। विजयादशमी लोगों को अपने कर्तव्यों के प्रति सजग रहने और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है।
आतिशबाजी के बीच हुआ रावण दहन
साइंस कॉलेज मैदान और कोनी में रावण दहन के दौरान उत्सव का माहौल चरम पर रहा। रंग-बिरंगी आतिशबाजी से आसमान जगमगा उठा और उपस्थित लोगों ने जय श्रीराम, पवनसुत हनुमान की जय तथा भारत माता की जय के नारे लगाए। आयोजन के माध्यम से बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के समापन पर तोखन साहू ने देशवासियों को विजयादशमी की शुभकामनाएं देते हुए सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। उन्होंने समाज में आपसी सद्भाव बनाए रखने और राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया।
Sanjeev singh Address bhartiya nagar bilaspur 7000103836
