प्रदेश पत्रकार यूनियन के तत्वावधान में सामाजिक एवं नैतिक जिम्मेदारियों का सम्मान समारोह संपन्न
जोगी जगत न्यूज़ नेटवर्क के नौवें स्थापना दिवस पर ‘ग्राम दर्पण’ पत्रिका का विमोचन, विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिभाओं का हुआ सम्मान
बिलासपुर। प्रदेश पत्रकार यूनियन के तत्वावधान में जोगी जगत न्यूज़ नेटवर्क के नौवें स्थापना दिवस के अवसर पर 26 अक्टूबर 2026, सोमवार को बिलासपुर के त्रिवेणी भवन में सम्मान समारोह एवं ‘ग्राम दर्पण’ पत्रिका विमोचन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत एवं उनके उद्बोधन के साथ हुआ।
समारोह में शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यवसाय, पत्रकारिता, खेल सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व बच्चों की प्रतिभाओं, समाजसेवी संस्थाओं एवं ग्रामीण जनप्रतिनिधियों को सम्मानित किया गया। अतिथियों एवं पत्रकार साथियों ने सम्मानित प्रतिभाओं के कार्यों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में जोगी जगत न्यूज़ नेटवर्क के संपादक शेख अब्दुल कलीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनकी जमीनी मेहनत, लगन और समर्पण की उपस्थित अतिथियों एवं वक्ताओं ने मुक्तकंठ से प्रशंसा की। वक्ताओं ने उनके शुरुआती संघर्ष को याद करते हुए बताया कि एक मित्र के छोटे से गैरेज से शुरू हुआ सफर आज नौवें स्थापना दिवस पर एक सम्मान समारोह और पत्रिका विमोचन जैसे महत्वपूर्ण आयोजन तक पहुंचा है। इसे निरंतर प्रयास, सहयोग और पत्रकारिता के प्रति समर्पण का परिणाम बताया गया।
वक्ताओं ने कहा कि पत्रकारिता केवल समाचारों के प्रकाशन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह समाज के प्रति एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी है। पत्रकार समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति की आवाज शासन-प्रशासन तक पहुंचाने तथा आम जनता को आवश्यक और सटीक जानकारी उपलब्ध कराने में सेतु का कार्य करते हैं। समाचारों की खोज, तथ्यों की पुष्टि, लेखन, प्रकाशन और वितरण तक की पूरी प्रक्रिया मेहनत एवं जिम्मेदारी से जुड़ी होती है। विपरीत परिस्थितियों में भी जनता तक सही खबर पहुंचाना पत्रकारों के समर्पण का परिचायक है।
‘ग्राम दर्पण’ पत्रिका का विमोचन
समारोह का एक प्रमुख आकर्षण ‘ग्राम दर्पण’ पत्रिका का विमोचन रहा। इस पत्रिका का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों की वास्तविक परिस्थितियों, स्थानीय समस्याओं, जनसरोकारों और जमीनी मुद्दों को सामने लाना है। पत्रिका के माध्यम से ग्रामीण जनता की आवाज को व्यापक स्तर पर पहुंचाने के साथ शासन-प्रशासन का ध्यान ग्रामीण क्षेत्रों की वास्तविक स्थिति और समस्याओं की ओर आकर्षित करने का प्रयास किया जाएगा।
इस अवसर पर पत्रिका की टीम को ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं को प्राथमिकता देने तथा जनहित में निरंतर पत्रकारिता करने की पहल के लिए बधाई दी गई। उपस्थित अतिथियों और सहयोगी प्रायोजकों ने आगामी आयोजनों को और बेहतर बनाने में सहयोग देने का आश्वासन भी दिया।
कार्यक्रम में मंचासीन अतिथियों का गुलदस्ते एवं स्मृति चिह्न भेंटकर स्वागत और सम्मान किया गया। साथ ही पत्रकार साथियों को भी अतिथियों द्वारा स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया।
समारोह के अंत में आयोजकों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी अतिथियों, पत्रकारों, प्रतिभागियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उपस्थित जनों ने जोगी जगत न्यूज़ नेटवर्क के नौवें स्थापना दिवस तथा ‘ग्राम दर्पण’ पत्रिका की इस नई पहल के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं।कार्यक्रम में आम आदमी पार्टी के प्रदेश संगठन मंत्री जसबीर सिंह चावला, बेलतरा विधानसभा क्षेत्र के युवा नेता अंकित गौरहा, नगर निगम के पूर्व सभापति शेख नजीरुद्दीन (छोटे), उस्मानी कमेटी के सदर यूसुफ हुसैन (बंटी), अवि बिल्डकॉन के व्यवस्थापक अविनाश पटेल, सुन्नी हुसैनी मस्जिद के इमाम एवं खतीब जनाब सैयद जाहिर, वाहिद सिद्दीकी, भाजपा नेत्री निहारिका त्रिपाठी, वैदिक न्यूज की संपादक सैयद सलमा, सैयद ताजुद्दीन, बिलासा गर्ल्स कॉलेज के उर्दू विभाग से डॉ. साजिया अली, जावेद अली सहित अनेक गणमान्य नागरिक, पत्रकार, समाजसेवी और सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि
उपस्थित रहे।


[responsivevoice_button voice="Hindi Female" buttontext="यह खबर हिंदी आडिओ में सुने "]