परसतराई में गोंडवाना गोंड महासभा का अधिवेशन संपन्न
सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण और सामाजिक सशक्तिकरण का लिया संकल्प
जिला ब्यूरो तरुण साहू
गुण्डरदेही/अर्जुन्दा। सामाजिक एकता, सांस्कृतिक संरक्षण और जनजातीय अधिकारों के संकल्प के साथ ग्राम परसतराई में गोंडवाना गोंड महासभा का वार्षिक अधिवेशन गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में समाज के इतिहास, परंपरा और संगठन की मजबूती पर विशेष जोर दिया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि गुण्डरदेही विधायक कुंवर सिंह निषाद रहे, जबकि अध्यक्षता जिला पंचायत बालोद की अध्यक्ष श्रीमती तारणी पुष्पेंद्र चंद्राकर ने की। विशिष्ट अतिथियों में जनपद उपाध्यक्ष नीतीश मोंटी यादव, पूर्व जिला पंचायत सदस्य पुष्पेंद्र चंद्राकर, सरपंच गायत्री नेताम, तहसील अध्यक्ष सेवंत मंडावी, उपाध्यक्ष नंदनी नेताम, राजेश्वरी पोटा, टिकेंद्र कोर्राम, परिक्षेत्र अध्यक्ष नरेन्द्र कुमार सिंद्राम एवं पूर्व सरपंच छबिलाल कोर्राम सहित कई सामाजिक पदाधिकारी उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि कुंवर सिंह निषाद ने अपने संबोधन में कहा कि गोंडवाना समाज का इतिहास त्याग, तपस्या और जल-जंगल-जमीन की रक्षा से जुड़ा रहा है। उन्होंने युवाओं से आधुनिक शिक्षा को अपनाते हुए अपनी परंपराओं को संरक्षित रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समाज की असली ताकत उसके संगठन में निहित होती है और एकजुटता से ही विकास के द्वार खुलते हैं।
अध्यक्षता कर रहीं श्रीमती तारणी पुष्पेंद्र चंद्राकर ने मातृशक्ति और सामाजिक विकास पर जोर देते हुए कहा कि किसी भी समाज की उन्नति महिलाओं और बच्चों की स्थिति से आंकी जाती है। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में अधोसंरचना विकास के साथ सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने की बात कही।
तहसील अध्यक्ष सेवंत मंडावी ने सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन, नशामुक्ति और शिक्षा को अपनाने पर बल दिया। उन्होंने इसे आत्ममंथन का अवसर बताते हुए समाज को एकजुट होकर भविष्य निर्माण का संकल्प लेने की अपील की।
कार्यक्रम का शुभारंभ बूढ़ादेव की पूजा-अर्चना एवं सामाजिक ध्वजारोहण के साथ हुआ। इस दौरान स्थानीय कलाकारों ने पारंपरिक लोक नृत्य प्रस्तुत कर सांस्कृतिक छटा बिखेरी। मेधावी छात्र-छात्राओं एवं विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले समाजसेवियों को सम्मानित किया गया।
अंत में अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाज के लोग, माताएं और युवा उपस्थित रहे, जिन्होंने समाजहित में एकजुट रहने का संकल्प लिया।
Sanjeev singh Address bhartiya nagar bilaspur 7000103836
