पी.सी. ज्वैलर्स पर धोखाधड़ी का आरोप: बायबैक में उचित कीमत न मिलने पर सराफा एसोसिएशन ने एसपी से की शिकायत
बिलासपुर। शहर के अग्रसेन चौक स्थित एक ब्रांडेड ज्वेलरी शोरूम पी.सी. ज्वैलर्स एक बार फिर विवादों में घिरता नजर आ रहा है। छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन ने शोरूम प्रबंधन पर ग्राहकों को ठगने और पुराने आभूषणों की वापसी (बायबैक) पर वर्तमान बाजार दर के अनुरूप भुगतान नहीं करने का गंभीर आरोप लगाया है। इस संबंध में एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी ने बिलासपुर पुलिस अधीक्षक को औपचारिक शिकायत पत्र सौंपकर जांच व कार्रवाई की मांग की है।
क्या है मामला?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, खरसिया निवासी पारस पटेल ने 11 जून 2018 को उक्त शोरूम से एक हीरा जड़ित सोने की अंगूठी खरीदी थी। अंगूठी का कुल वजन 5.620 ग्राम (14 कैरेट सोना) तथा उसमें 0.46 सेंट हीरा जड़ा हुआ है। उस समय अंगूठी की कीमत ₹85,799 चुकाई गई थी।
पीड़ित का आरोप है कि हाल ही में जब वह उसी अंगूठी को वर्तमान बाजार दर पर वापस बेचने शोरूम पहुंचा, तो उसे खरीद मूल्य से भी कम राशि देने की पेशकश की गई। जबकि बीते 8 वर्षों में सोने के दामों में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। सराफा एसोसिएशन का दावा है कि मेकिंग चार्ज घटाने के बाद भी अंगूठी की वर्तमान कीमत लगभग ₹1,17,299 होनी चाहिए, लेकिन शोरूम प्रबंधन इस दर पर भुगतान करने को तैयार नहीं है।
बिलिंग में पारदर्शिता पर सवाल
एसोसिएशन ने यह भी आरोप लगाया है कि खरीद के समय दिए गए बिल में सोने की दर, हीरे की कीमत और मेकिंग चार्ज का अलग-अलग विवरण नहीं दिया गया था। बिल में केवल कुल वजन और कुल राशि का उल्लेख था, जिसे ग्राहकों को भ्रमित करने की रणनीति बताया जा रहा है।
एसोसिएशन की चेतावनी
छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने इस पूरे मामले को “ब्रांडेड शोरूमों द्वारा किया जा रहा लूट का व्यापार” करार दिया है। प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी ने कहा कि मामले की शिकायत राष्ट्रीय स्तर पर भी की जाएगी। साथ ही बीआईएस, उपभोक्ता फोरम सहित अन्य संबंधित संस्थाओं में भी शिकायत दर्ज कराई जाएगी।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उचित कार्रवाई नहीं हुई तो पूरे छत्तीसगढ़ में सराफा संगठन द्वारा जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा और आंदोलन भी किया जाएगा।
Sanjeev singh Address bhartiya nagar bilaspur 7000103836
