[responsivevoice_button voice="Hindi Female" buttontext="यह खबर हिंदी आडिओ में सुने "]

*नगर पंचायत गुंडरदेही में पीएम आवास योजना 2.0 का सर्वे शुरू, गरीबों को मिलेगा पक्का मकान*

नगर पंचायत गुंडरदेही में पीएम आवास योजना 2.0 का सर्वे शुरू, गरीबों को मिलेगा पक्का मकान

 

*जिला ब्यूरो तरुण साहू*

गुंडरदेही (बालोद)। नगर पंचायत गुंडरदेही में लंबे समय से आबादी भूमि पर काबिज और कच्चे मकानों में रह रहे जरूरतमंद परिवारों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। छत्तीसगढ़ शासन के नगरीय प्रशासन विभाग के निर्देशानुसार प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के तहत सर्वे और आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

नगर पंचायत अध्यक्ष प्रमोद जैन ने जानकारी देते हुए बताया कि इस योजना के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को पक्का मकान निर्माण के लिए 2.5 लाख रुपए तक की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि ऐसे परिवार जो लंबे समय से आबादी भूमि पर सुरक्षित रूप से काबिज हैं और नियमित रूप से टैक्स का भुगतान कर रहे हैं, उन्हें प्राथमिकता दी जाएगी।

नगर पंचायत प्रशासन द्वारा सर्वे कार्य व्यापक स्तर पर शुरू कर दिया गया है। साथ ही हितग्राहियों की सुविधा के लिए नगर पंचायत कार्यालय में विशेष हेल्प डेस्क स्थापित किया गया है, जहां कार्यालय समय में जाकर आवेदन और पंजीकरण कराया जा सकता है। आने वाले दिनों में विभिन्न वार्डों में विशेष शिविर भी लगाए जाएंगे, जहां मौके पर ही फॉर्म भरने की सुविधा उपलब्ध होगी।

अध्यक्ष प्रमोद जैन ने सभी पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे शासन के नियमों के अनुसार आवश्यक दस्तावेजों के साथ समय पर आवेदन करें, ताकि अधिक से अधिक गरीब परिवारों का पक्का मकान का सपना साकार हो सके।

आवश्यक दस्तावेज:

  • आबादी भूमि पर काबिज होने का प्रमाण / पुराने टैक्स भुगतान की रसीद
  • परिवार के सभी सदस्यों के आधार कार्ड
  • वोटर आईडी (निवास प्रमाण हेतु)
  • राशन कार्ड (बीपीएल या प्राथमिकता श्रेणी)
  • बैंक पासबुक (आधार से लिंक होना अनिवार्य)
  • परिवार के मुखिया का पासपोर्ट साइज फोटो
  • आधार से लिंक मोबाइल नंबर

किसी भी प्रकार की जानकारी या समस्या के लिए हितग्राही सीधे नगर पंचायत गुंडरदेही कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *