[responsivevoice_button voice="Hindi Female" buttontext="यह खबर हिंदी आडिओ में सुने "]

गांधी जयंती पर लोक उदय फाउंडेशन का ‘हमर अरपा : स्वच्छता अभियान’ सफाई एक दिन का कार्यक्रम नहीं, निरंतर जिम्मेदारी’ प्रवीण झा 

गांधी जयंती पर लोक उदय फाउंडेशन का ‘हमर अरपा : स्वच्छता अभियान’

400 से अधिक Helping Hands ने लिया हिस्सा, अरपा तट पर चलाया स्वच्छता अभियान

बिलासपुर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर लोक उदय फाउंडेशन द्वारा ‘हमर अरपा : स्वच्छता अभियान’ का आयोजन किया गया। अरपा नदी और उसके आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के उद्देश्य से आयोजित अभियान में फाउंडेशन के 400 से अधिक Helping Hands ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इस दौरान सफाई अभियान चलाने के साथ नागरिकों को सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता बनाए रखने और कूड़ा निर्धारित स्थान पर डालने के लिए जागरूक किया गया।

अभियान के दौरान अरपा नदी तट स्थित रिवर व्यू पॉइंट (हैप्पी स्ट्रीट) सहित आसपास के क्षेत्रों में सफाई की गई। कार्यक्रम में बच्चों और युवाओं ने बड़ी संख्या में हिस्सा लिया। उनकी सक्रिय भागीदारी ने स्वच्छता के संदेश को प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

कार्यक्रम का नेतृत्व लोक उदय फाउंडेशन के निदेशक विशाल आनंद झा ने किया। अभियान को नगर निगम, जीवन संस्कार सेवा समिति, त्रिवेणु–द हेल्पिंग हैंकीज एवं ITSA Hospital का सहयोग प्राप्त हुआ। कार्यक्रम में बिलासपुर कलेक्टर संजय अग्रवाल, समाजसेवी एवं परोपकारी प्रवीण झा, नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे और महापौर पूजा विधानी उपस्थित रहे।

‘सफाई एक दिन का कार्यक्रम नहीं, निरंतर जिम्मेदारी’ प्रवीण झा

समाजसेवी प्रवीण झा ने कहा कि स्वच्छता केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि निरंतर निभाई जाने वाली जिम्मेदारी है। जिस तरह लोग अपने घर की सफाई का ध्यान रखते हैं, उसी भावना के साथ शहर और सार्वजनिक स्थानों को भी स्वच्छ रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि स्वच्छता के प्रति जागरूकता तभी सार्थक होगी, जब प्रत्येक व्यक्ति स्वयं जिम्मेदारी लेकर दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करे।

बच्चों से संवाद करते हुए झा ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति सार्वजनिक स्थान पर कूड़ा फेंकता है तो उसे डांटने के बजाय प्रेम और सम्मान के साथ स्वच्छता के लिए प्रेरित करना चाहिए। उन्होंने कहा, “जब कोई कूड़ा फेंके तो प्यार से कहिए—लाइए, आपका कूड़ा हम कचरे के डिब्बे में डाल देते हैं।” उन्होंने कहा कि ऐसी छोटी-छोटी पहल लोगों की सोच और व्यवहार में बड़ा बदलाव ला सकती है।

उन्होंने कहा कि स्वच्छता की शुरुआत स्वयं के व्यवहार से होती है। जब लोग खुद कूड़ा नहीं फैलाएंगे और दूसरों को भी स्वच्छता के लिए प्रेरित करेंगे, तभी स्वच्छ और सुंदर शहर का निर्माण संभव होगा। उन्होंने बच्चों से स्वच्छता का संदेश अपने परिवार और आसपास के लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया।

लोक उदय फाउंडेशन ने गांधीजी के स्वच्छता, सेवा और जनभागीदारी के संदेश को आगे बढ़ाते हुए स्वच्छ, सुंदर एवं जागरूक बिलासपुर के निर्माण का संकल्प दोहराया। संस्था ने नागरिकों से अरपा नदी और शहर के सार्वजनिक स्थानों को अपना समझते हुए कूड़ा-कचरा नहीं फैलाने तथा कचरे को निर्धारित स्थान पर डालने की अपील की।

संस्था ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकार या किसी एक संस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि सभी नागरिकों की साझा जिम्मेदारी है। सामूहिक प्रयासों से ही स्वच्छ और सुंदर बिलासपुर का निर्माण संभव है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *