छत्तीसगढ़ में सियासी जमीन तैयार करेगी LJP, चिराग पासवान का बड़ा ऐलान
जल्द बनेगी प्रदेश इकाई, आगामी चुनाव में उतरने के संकेत; SIR और विपक्ष के चुनावी मुद्दों पर भी रखी बात
रायपुर। लोक जनशक्ति पार्टी (राम विलास) ने छत्तीसगढ़ की राजनीति में सक्रिय रूप से कदम बढ़ाने की तैयारी शुरू कर दी है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने रायपुर में बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में जल्द पार्टी की राज्य इकाई तैयार की जाएगी और आगामी चुनाव में लोजपा (राम विलास) अपनी राजनीतिक मौजूदगी दर्ज कराएगी।
चिराग पासवान के इस बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में लोजपा की संभावित भूमिका को लेकर चर्चा तेज हो गई है। उन्होंने संकेत दिया कि राज्य इकाई के गठन के बाद संगठन को मजबूत करने और चुनावी परिस्थितियों के अनुरूप आगे की रणनीति तय की जाएगी। गठबंधन को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि भविष्य में परिस्थितियों के आधार पर फैसला लिया जाएगा। पार्टी अकेले चुनाव मैदान में उतरने के विकल्प को भी खुला रखेगी।
SIR को लेकर भी रखी राय
प्रेसवार्ता के दौरान चिराग पासवान ने निर्वाचन आयोग की ओर से चल रही SIR प्रक्रिया को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया को लेकर मतदाताओं में यदि कोई शंका है तो उसे दूर करने की जिम्मेदारी निर्वाचन आयोग की है। साथ ही उन्होंने विपक्ष की ओर से उठाए जा रहे चुनावी सवालों पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी।
यूपी में अकेले चुनाव लड़ने का विकल्प खुला
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर चिराग पासवान ने कहा कि वहां लोजपा (राम विलास) की भूमिका अभी अंतिम रूप से तय नहीं हुई है। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि परिस्थितियां जरूरत पैदा करती हैं तो पार्टी उत्तर प्रदेश में अकेले चुनाव लड़ने के लिए भी तैयार है।
चिराग पासवान का छत्तीसगढ़ में संगठन खड़ा करने का ऐलान ऐसे समय में सामने आया है, जब प्रदेश की राजनीति में विभिन्न दल अपने संगठनात्मक विस्तार और आगामी चुनावों को लेकर तैयारियां तेज कर रहे हैं। ऐसे में लोजपा की प्रदेश इकाई का गठन और चुनावी भागीदारी आने वाले समय में राज्य की राजनीति में पार्टी की भूमिका को स्पष्ट करेगी।
इस दौरान छत्तीसगढ़ प्रदेश अध्यक्ष शरत चंद्र पाण्डेय, सभी जिलों के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Sanjeev singh Address bhartiya nagar bilaspur 7000103836
