सकरी पुलिस की त्वरित कार्रवाई से नकबजनी का खुलासा, मुख्य आरोपी समेत चोरी का माल खरीदने वाले 3 गिरफ्तार
सूने मकान का ताला तोड़कर नकदी, चांदी-कांसे के बर्तन, कंप्यूटर और एसी चोरी; पुलिस ने चोरी का माल भी किया बरामद
बिलासपुर। थाना सकरी पुलिस ने सूने मकान में हुई नकबजनी के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी समेत चोरी का माल खरीदने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी गया मशरूका भी बरामद कर लिया है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में चोरी की वारदात का शीघ्र खुलासा होने के साथ ही चोरी का माल खपाने वालों तक भी पुलिस पहुंची है।
जानकारी के अनुसार सत्यानगर अमेरी निवासी अक्षय कुमार टाण्डे अपने परिवार के साथ तिफरा स्थित मकान में रहते हैं। अमेरी स्थित उनके पुराने मकान में वे समय-समय पर आते-जाते थे। 29 अगस्त 2026 की रात मकान में ताला लगाकर वे तिफरा चले गए थे। 16 सितंबर को वापस लौटने पर उन्होंने देखा कि अज्ञात चोर छत के रास्ते मकान में दाखिल हुए और कमरों व अलमारी के ताले तोड़कर नकदी सहित घरेलू सामान चोरी कर ले गए।
चोरी गए सामान में 12 हजार रुपये नकद, चांदी के चम्मच, कटोरी, गिलास, प्लेट, कांसे के बर्तन, कंप्यूटर सेट तथा 1.5 टन वोल्टास एसी शामिल थे। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 42 हजार रुपये बताई गई है।
रिपोर्ट दर्ज होने के बाद थाना सकरी पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों के दिशा-निर्देशन में तत्काल टीम गठित कर अज्ञात आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल और उपलब्ध सुरागों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। इसी दौरान मुखबिर से मिली पुख्ता सूचना के आधार पर संदेही अविनाश खांडे को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी ने सूने मकान में चोरी करना स्वीकार किया और चोरी का सामान अलग-अलग लोगों को बेचने की जानकारी दी।
इसके बाद पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी का माल खरीदने वाले सौरभ बंजारे, दीपेश गुप्ता और रितेशधर शर्मा को भी गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से चोरी का सामान बरामद किया गया। पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजने की कार्रवाई की है।
मुख्य आरोपी आरोपी हुए गिरफ्तार
अविनाश खांडे, पिता विशाल खांडे, उम्र 24 वर्ष, निवासी सत्यानगर अमेरी, थाना सकरी, जिला बिलासपुर।
चोरी का माल खरीदने वाले:
सौरभ बंजारे, पिता रामायण बंजारे, उम्र 26 वर्ष, निवासी एरमसाही, थाना मस्तूरी।
दीपेश गुप्ता, पिता राम कुमार गुप्ता, उम्र 35 वर्ष, निवासी बजरंग होटल के सामने, बिलासपुर।
रितेशधर शर्मा, पिता कृष्णा धर शर्मा, निवासी नूतन चौक सरकंडा, थाना सरकंडा, बिलासपुर।
पुलिस टीम की भूमिका सराहनीय
नकबजनी जैसी वारदात में पुलिस द्वारा कम समय में मुख्य आरोपी तक पहुंचने के साथ चोरी का माल खरीदने वाले तीन आरोपियों को पकड़ना और मशरूका बरामद करना कार्रवाई की प्रभावशीलता को दर्शाता है। थाना प्रभारी निरीक्षक उमेश साहू के नेतृत्व में प्रधान आरक्षक रवि लहरे, आरक्षक मनोज बघेल, रुपेश कौशिक, सुनील सूर्यवंशी और पवन बंजारे की भूमिका महत्वपूर्ण रही। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से न केवल चोरी की वारदात का खुलासा हुआ, बल्कि चोरी के सामान को आगे खपाने वालों पर भी कार्रवाई हुई।
Sanjeev singh Address bhartiya nagar bilaspur 7000103836
