[responsivevoice_button voice="Hindi Female" buttontext="यह खबर हिंदी आडिओ में सुने "]

पुलिस चौकी बेलगहना की द्वारा अवैध शराब कारोबार पर सख्त प्रहार

बेलगहना पुलिस का अवैध महुआ शराब कारोबार पर बड़ा प्रहार, 30 लीटर महुआ शराब जब्त, आरोपी गिरफ्तार

 

 

 

बिलासपुर/कोटा, 28 जून। जिले में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘चेतना अभियान’ के तहत बेलगहना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 30 लीटर हाथ भट्टी से निर्मित महुआ शराब जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में जिलेभर में नशामुक्त समाज के निर्माण एवं अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण के लिए विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह तथा अनुविभागीय पुलिस अधिकारी कोटा नुपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन में चौकी बेलगहना पुलिस ने रविवार को कार्रवाई करते हुए ग्राम करवा निवासी पिप्पी उर्फ प्रीतम डहरिया (26 वर्ष), पिता अनुज राम डहरिया को गिरफ्तार किया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से उसकी बाड़ी के समीप सड़क किनारे रखे तीन अलग-अलग जरीकेनों में कुल 30 लीटर हाथ भट्टी से निर्मित महुआ शराब बरामद की, जिसकी अनुमानित कीमत 3,000 रुपये बताई गई है। पूछताछ में आरोपी शराब के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।

प्रारंभिक जांच में आरोपी का कृत्य आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के अंतर्गत अपराध पाया गया। इसके बाद पुलिस ने विधिवत गिरफ्तारी की कार्रवाई करते हुए आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी उप निरीक्षक बी.एन. बनाफर, सहायक उप निरीक्षक मोतीलाल सूर्यवंशी, प्रधान आरक्षक राधेश्याम मरावी तथा आरक्षक ईश्वर नेताम, संजय कश्यप एवं धीरज जायसवाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *