गुंडरदेही में 2.41 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात, 14 मई को होगा लोकार्पण एवं भूमि पूजन
जिला ब्यूरो चीफ तरुण साहू बालोद गुंडरदेही
गुंडरदेही नगर पंचायत क्षेत्र में विकास की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया जा रहा है। मुख्यमंत्री घोषणा एवं विभिन्न मदों के अंतर्गत लगभग 2 करोड़ 41 लाख रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमि पूजन समारोह 14 मई 2026 को नगर पंचायत कार्यालय परिसर गुंडरदेही में आयोजित किया जाएगा।
इस भव्य कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव मुख्य अतिथि के रूप में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से वर्चुअली शामिल होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता सांसद भोजराज नाग करेंगे।
कार्यक्रम के दौरान नगर विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्यों का लोकार्पण एवं भूमि पूजन किया जाएगा। इनमें सर्वसुविधायुक्त सामुदायिक भवन निर्माण हेतु 98.25 लाख रुपये, मुख्यमंत्री घोषणा अंतर्गत विभिन्न अधोसंरचना विकास कार्यों के लिए 88.75 लाख रुपये सहित अटल परिसर, सामुदायिक भवन, जनपद रोड एवं उद्यान के लोकार्पण जैसे कार्य शामिल हैं।
समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में गुंडरदेही विधायक कुंवर सिंह निषाद, पूर्व विधायक यशवंत जैन, भाजपा प्रदेश महामंत्री वीरेंद्र साहू, पूर्व विधायक चेतन देशमुख, जिला भाजपा अध्यक्ष राजेंद्र राय, नगर पंचायत अध्यक्ष प्रमोद जैन, जिला पंचायत अध्यक्ष तारिणी पुष्पेंद्र चंद्राकर, नगर पंचायत उपाध्यक्ष विजय सोनकर, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक दुर्ग के उपाध्यक्ष नरेश यादव, जनपद पंचायत अध्यक्ष पुरुषोत्तम चंद्राकर एवं भाजपा मंडल अध्यक्ष युवराज मारकंडे सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं पार्षदगण उपस्थित रहेंगे।
कार्यक्रम के साथ ही जन समस्या निवारण शिविर का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें आम नागरिक अपनी समस्याओं का निराकरण करा सकेंगे।
नगर पंचायत अध्यक्ष प्रमोद जैन ने नगरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर विकास उत्सव में सहभागी बनने एवं जन समस्या निवारण शिविर का लाभ उठाने की अपील की है।
Sanjeev singh Address bhartiya nagar bilaspur 7000103836
