[responsivevoice_button voice="Hindi Female" buttontext="यह खबर हिंदी आडिओ में सुने "]

मां कल्याणिका पब्लिक स्कूल में धूमधाम से मनी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी

**पेंड्रा।** मां कल्याणिका पब्लिक स्कूल, गौरेला-पेंड्रा में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहा और विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। इस अवसर पर श्री विनोद कार्की ने भगवान श्रीकृष्ण के जीवन से जुड़े प्रेरणादायक प्रसंगों का उल्लेख करते हुए उन्हें सर्वशक्तिमान एवं मानवता के मार्गदर्शक के रूप में प्रस्तुत किया। उन्होंने विद्यार्थियों को श्रीकृष्ण के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संदेश दिया। विद्यालय की प्राचार्य शैलजा स्वामी ने सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन हमें सत्य, धर्म, कर्म और कर्तव्य पालन की प्रेरणा देता है।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अंतर्गत विद्यार्थियों द्वारा सामूहिक नृत्य, भजन एवं कृष्ण भक्ति से ओत-प्रोत प्रस्तुतियां दी गईं। सुंदर परिधानों से सुसज्जित छात्र-छात्राओं ने श्रीकृष्ण और राधारानी का मनमोहक स्वरूप धारण कर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। कार्यक्रम के दौरान बाल-गोपाल विद्यार्थियों के लिए दही हांडी प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया, जिसमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यालय परिसर जय श्रीकृष्ण के जयघोष से गूंजता रहा। वहीं श्रीकृष्ण कथा के नाट्य रूपांतरण ने उपस्थित सभी लोगों का विशेष रूप से ध्यान आकर्षित किया। संस्था के प्रबंध न्यासी स्वामी हिमाद्री मुनि जी ने विद्यालय परिवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं एवं शुभ आशीष प्रेषित करते हुए सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *