[responsivevoice_button voice="Hindi Female" buttontext="यह खबर हिंदी आडिओ में सुने "]

*दूधाधारी बजरंग महिला महाविद्यालय में यातायात जागरूकता कार्यक्रम, छात्राओं को ट्रैफिक हैकाथॉन में भागीदारी के लिए किया प्रेरित*

दूधाधारी बजरंग महिला महाविद्यालय में यातायात जागरूकता कार्यक्रम, छात्राओं को ट्रैफिक हैकाथॉन में भागीदारी के लिए किया प्रेरित

रायपुर। यातायात व्यवस्था को सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित बनाने तथा युवाओं को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से दूधाधारी बजरंग महिला महाविद्यालय, कालीबाड़ी रायपुर में यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं को यातायात नियमों की जानकारी देने के साथ रायपुर ट्रैफिक हैकाथॉन-2026 में नवाचार एवं सहभागिता के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम में डीसीपी ट्रैफिक डॉ. अर्चना झा ने छात्राओं को संबोधित करते हुए रायपुर ट्रैफिक हैकाथॉन-2026 की अवधारणा, उद्देश्य एवं रूपरेखा की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि रायपुर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (NIT) रायपुर एवं द इंस्टीट्यूशन ऑफ इंजीनियर्स (इंडिया), छत्तीसगढ़ राज्य केंद्र (IEI) के सहयोग से आयोजित यह हैकाथॉन नागरिकों की रचनात्मक सोच, तकनीकी क्षमता और नवाचार को यातायात समस्याओं के व्यावहारिक समाधान से जोड़ने की पहल है।

उन्होंने छात्राओं से “Our City | Our Roads | Our Ideas” की भावना के साथ शहर की यातायात समस्याओं को समझने और उनके सुरक्षित, सुगम एवं स्मार्ट समाधान के लिए अभिनव सुझाव प्रस्तुत करने का आह्वान किया। हैकाथॉन में यातायात इंजीनियरिंग एवं प्रबंधन, पार्किंग प्रबंधन, सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियंत्रण, सार्वजनिक परिवहन एकीकरण, गैर-मोटराइज्ड परिवहन तथा यातायात प्रबंधन में AI/IoT के उपयोग जैसे विषयों पर समाधान प्रस्तुत किए जा सकते हैं।

एसीपी ट्रैफिक श्रीमती स्नेहिल साहू ने यातायात सुरक्षा के 3E—Education, Engineering एवं Enforcement के आधार पर छात्राओं को जागरूक किया। उन्होंने बताया कि Education के तहत यातायात नियमों के प्रति जागरूकता एवं प्रशिक्षण, Engineering के तहत सुरक्षित सड़क अधोसंरचना, ब्लैक स्पॉट सुधार, उचित साइन बोर्ड, स्पीड ब्रेकर एवं बेहतर सिग्नल व्यवस्था तथा Enforcement के तहत नियमों का प्रभावी पालन और उल्लंघन करने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई आवश्यक है।

कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को हेलमेट एवं सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, निर्धारित गति सीमा का पालन, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने, नशे में वाहन नहीं चलाने तथा पैदल यात्रियों की सुरक्षा सहित विभिन्न यातायात नियमों की जानकारी दी गई।

ट्रैफिक हैकाथॉन-2026 में सहभागिता का आह्वान

डीसीपी ट्रैफिक डॉ. अर्चना झा ने छात्राओं को ट्रैफिक हैकाथॉन में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता विद्यार्थियों के साथ-साथ सिविल इंजीनियर, अर्बन प्लानर, प्रोफेशनल्स, स्टार्टअप्स, एनजीओ एवं जागरूक नागरिकों के लिए भी खुली है।

प्रतिभागी एक या एक से अधिक विषयों में हिस्सा ले सकते हैं। प्रत्येक विषय के लिए अलग पंजीयन एवं सबमिशन किया जाना है। पंजीयन एवं सबमिशन की अवधि 17 अगस्त से 17 सितंबर 2026 तक निर्धारित है, जबकि फाइनल प्रेजेंटेशन 27 सितंबर 2026 को रायपुर में आयोजित किया जाएगा।

प्राप्त प्रस्तुतियों का मूल्यांकन विशेषज्ञ टीम द्वारा किया जाएगा। प्रत्येक विषय से श्रेष्ठ प्रतिभागियों का चयन अंतिम चरण के लिए किया जाएगा, जहां विशेषज्ञों के समक्ष प्रत्यक्ष प्रस्तुति के आधार पर विजेताओं का चयन होगा। प्रत्येक विषय के विजेताओं को रायपुर कमिश्नरेट की ओर से आकर्षक पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाएंगे।

कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को केवल यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करना ही नहीं, बल्कि उन्हें सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक नागरिक बनाना और रायपुर की यातायात व्यवस्था में सकारात्मक बदलाव का सहभागी बनाना है।

यातायात पुलिस रायपुर ने छात्राओं एवं आम नागरिकों से अपील की कि वे ट्रैफिक हैकाथॉन-2026 में भाग लेकर अपने अभिनव विचारों के माध्यम से रायपुर की यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित, सुगम एवं स्मार्ट बनाने में योगदान दें।

कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण सहित लगभग 250 छात्राएं एवं यातायात पुलिस के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *