[responsivevoice_button voice="Hindi Female" buttontext="यह खबर हिंदी आडिओ में सुने "]

“*केमिकल से काले कागज को असली नोट बनाने” का झांसा देकर ठगी का प्रयास — जीपीएम पुलिस ने आमजन को किया सतर्क*

“केमिकल से काले कागज को असली नोट बनाने” का झांसा देकर ठगी का प्रयास — जीपीएम पुलिस ने आमजन को किया सतर्क


कृष्णा पाण्डेय ब्यूरो चीफ जीपीएम

जीपीएम पुलिस द्वारा आमजन को साइबर एवं आर्थिक ठगी के नए-नए तरीकों से सावधान रहने के लिए लगातार जागरूक किया जा रहा है। इसी क्रम में ठगी के एक नए तरीके का मामला सामने आया है, जिसमें ठगों द्वारा स्वयं को “केमिकल एक्सपर्ट” बताकर काले कागज को विशेष केमिकल के माध्यम से असली नोट में बदलने का झांसा देकर ₹50,000/- की ठगी का प्रयास किया गया।

केमिकल से नोट बनाने का दिया झांसा

थाना नवागढ़, जिला जांजगीर-चांपा निवासी साहिल कुमार से अज्ञात व्यक्ति द्वारा संपर्क कर स्वयं को “केमिकल एक्सपर्ट” बताया गया। आरोपी द्वारा साहिल कुमार को काले कागज को विशेष केमिकल से उपचारित कर उसे असली भारतीय मुद्रा में बदलने का झांसा दिया गया। इसके एवज में आरोपी द्वारा ₹50,000/- की राशि प्राप्त करने का प्रयास किया गया।

मामले में शिकायत प्राप्त होने पर थाना नवागढ़ में अपराध क्रमांक 246/2026, धारा 318(2) एवं 61(2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।

*ठगी के इस तरीके से रहें सावधान*

अक्सर लोगों को कम समय में अधिक पैसा कमाने, नकली नोट को असली बनाने, काले कागज से नोट तैयार करने अथवा विशेष केमिकल से मुद्रा तैयार करने जैसे झूठे दावों का लालच देकर अपने जाल में फंसाने का प्रयास करते हैं। ऐसे मामलों में ठग पहले विश्वास में लेते हैं और बाद में केमिकल, मशीन, प्रोसेसिंग अथवा अन्य खर्च के नाम पर बड़ी रकम की मांग करते हैं।

*जीपीएम पुलिस की आमजन से अपील*

जीपीएम पुलिस आमजन से अपील करती है कि ऐसे किसी भी व्यक्ति के झांसे में न आएं, जो केमिकल, मशीन अथवा किसी विशेष प्रक्रिया के माध्यम से काले कागज को असली नोट में बदलने का दावा करे।

* असली नोट बनाने या नोट की कीमत बढ़ाने का दावा करने वाले व्यक्तियों से सावधान रहें।
* कम समय में अधिक पैसा कमाने के लालच में अपनी रकम किसी अनजान व्यक्ति को न दें।
* किसी भी संदिग्ध व्यक्ति के साथ बैंक खाता, OTP, PIN, ATM/डेबिट कार्ड अथवा अन्य वित्तीय जानकारी साझा न करें।
* ऐसे मामलों की जानकारी तत्काल नजदीकी पुलिस थाना अथवा संबंधित पुलिस अधिकारी को दें।
* ठगी होने पर बिना देरी किए पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

जीपीएम पुलिस का संदेश — “लालच से बचें, जागरूक रहें और ठगी करने वालों के झांसे में न आएं।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *