*सड़क किनारे कचरे के ढेर में मिली लाखों रुपये की दवाइयां, सेमरदर्री स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्था पर सवाल*
कृष्णा पांडे की रिपोर्ट
*स्कूल के पास मेडिकल वेस्ट फेंके जाने का आरोप, बच्चों और पर्यावरण की सुरक्षा को लेकर चिंता* आखिर क्या cmho का कण्ट्रोल से बाहर हुवा स्वास्थ्य विभाग
*मरवाही* । गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के मरवाही विकासखंड अंतर्गत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सेमरदर्री में स्वास्थ्य सेवाओं और मेडिकल वेस्ट के प्रबंधन को लेकर गंभीर लापरवाही के आरोप सामने आए हैं। स्वास्थ्य केंद्र के आसपास सड़क किनारे कचरे के ढेर में बड़ी मात्रा में दवाइयां और सिरप से संबंधित सामग्री पड़े होने की बात सामने आई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, इन दवाइयों की कीमत लाखों रुपये में हो सकती है। हालांकि, दवाइयों की वास्तविक कीमत और उन्हें खुले में फेंके जाने की वजह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
सबसे गंभीर बात यह है कि जिस स्थान के आसपास यह मेडिकल वेस्ट पड़ा होने की बात कही जा रही है, उसके पास ही हाई स्कूल और हायर सेकेंडरी विद्यालय स्थित हैं। यहां विद्यार्थियों का नियमित रूप से आना-जाना रहता है। ऐसे में खुले में दवाइयां और मेडिकल वेस्ट पड़े होने से बच्चों सहित आम लोगों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई जा रही है।
मेडिकल वेस्ट को खुले में सड़क किनारे या कचरे के ढेर में फेंकना पर्यावरणीय दृष्टि से भी गंभीर विषय माना जा रहा है। स्वास्थ्य संस्थानों से निकलने वाले जैव-चिकित्सकीय अपशिष्ट का निर्धारित प्रक्रिया और अधिकृत व्यवस्था के तहत निस्तारण किया जाना आवश्यक है। यदि स्वास्थ्य केंद्र से निकलने वाला मेडिकल वेस्ट खुले में फेंका गया है, तो इससे मिट्टी, जल और आसपास के वातावरण पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है।
वहीं, स्थानीय लोगों ने स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकों की समय पर उपस्थिति को लेकर भी सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र क्षेत्र के लोगों के लिए महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सुविधा है, इसलिए चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की निर्धारित समय पर उपस्थिति सुनिश्चित किया जाना जरूरी है। समय पर चिकित्सा सुविधा नहीं मिलने से मरीजों और उनके परिजनों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
स्थानीय लोगों ने स्वास्थ्य विभाग के उच्चाधिकारियों से पूरे मामले की जांच कराने, स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण करने, चिकित्सकों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति की जांच करने तथा सड़क किनारे पड़े मेडिकल वेस्ट के सुरक्षित निस्तारण की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। साथ ही दवाइयों को खुले में फेंके जाने के मामले में जिम्मेदारी तय कर आवश्यक कार्रवाई किए जाने की मांग भी उठाई गई है।
अब देखना होगा कि स्वास्थ्य विभाग इस मामले को कितनी गंभीरता से लेता है और स्वास्थ्य केंद्र से निकलने वाले मेडिकल वेस्ट के निस्तारण तथा चिकित्सकों की उपस्थिति को लेकर क्या कार्रवाई की जाती है।
Sanjeev singh Address bhartiya nagar bilaspur 7000103836

[responsivevoice_button voice="Hindi Female" buttontext="यह खबर हिंदी आडिओ में सुने "]