महापौर, कलेक्टर और निगम आयुक्त ने किया धमतरी के विकास कार्यों का निरीक्षण
जिला ब्यूरो तरुण साहू
गुणवत्ता और समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश, अक्टूबर तक ऑडिटोरियम पूरा करने का लक्ष्य
धमतरी। धमतरी शहर में चल रहे प्रमुख विकास कार्यों का महापौर रामू रोहरा, कलेक्टर अबिनाश मिश्रा और नवपदस्थ नगर निगम आयुक्त अरुण कुमार वर्मा ने संयुक्त रूप से निरीक्षण किया। इस दौरान निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता और समय-सीमा की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी एजेंसियों को सभी परियोजनाएं तय समय में उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने निर्माणाधीन वाटर ट्रीटमेंट प्लांट, नहर नाका चौक, जालमपुर स्थित बॉक्स क्रिकेट परिसर, सिहावा चौक के पास बन रहे अत्याधुनिक ऑडिटोरियम, खपरी-अर्जुनी के नए बस स्टैंड तथा कांटा तालाब में विकसित की जा रही चौपाटी का जायजा लिया। उन्होंने निर्माण सामग्री की गुणवत्ता, सुरक्षा मानकों और कार्यों की गति पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
सिहावा चौक से कोलियारी तथा रत्नाबांधा से मुजगहन तक चल रहे सड़क चौड़ीकरण कार्य का भी निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने ड्रेनेज व्यवस्था, पैदल पथ, विद्युत लाइन शिफ्टिंग और यातायात प्रबंधन से जुड़े कार्यों की समीक्षा करते हुए विभागों के बीच बेहतर समन्वय के साथ कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
महापौर रामू रोहरा ने कहा कि धमतरी के संतुलित और सुनियोजित विकास के लिए नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं, सुगम यातायात और आधुनिक शहरी अधोसंरचना उपलब्ध कराना नगर निगम की प्राथमिकता है। उन्होंने विकास कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग पर भी जोर दिया।
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से धमतरी को आधुनिक, सुव्यवस्थित और आकर्षक स्वरूप मिलेगा। सिहावा चौक स्थित निर्माणाधीन ऑडिटोरियम का निरीक्षण करते हुए उन्होंने फॉल्स सीलिंग, वातानुकूलन, आधुनिक साउंड सिस्टम, प्रकाश व्यवस्था और दर्शकों के लिए बेहतर बैठने की सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए तथा अक्टूबर तक निर्माण कार्य पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया।
कलेक्टर ने कांटा तालाब में विकसित की जा रही चौपाटी को शहर का प्रमुख आकर्षण बनाने के निर्देश देते हुए बहु-प्रवेश द्वार, व्यवस्थित दुकानें, सेल्फी प्वाइंट, हरित क्षेत्र, बैठने की पर्याप्त व्यवस्था और ऊर्जा दक्ष प्रकाश व्यवस्था विकसित करने पर जोर दिया। साथ ही रत्नाबांधा-मुस्कान क्षेत्र स्थित तालाब परिसर में भी चौपाटी विकसित करने की संभावनाओं का निरीक्षण किया गया।
नगर निगम आयुक्त अरुण कुमार वर्मा ने कहा कि सभी निर्माणाधीन परियोजनाओं को तय समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाएगा तथा प्रक्रियाधीन विकास कार्यों की प्रशासनिक और तकनीकी औपचारिकताएं शीघ्र पूरी कर कार्य प्रारंभ किए जाएंगे।
निरीक्षण के दौरान नगर निगम, लोक निर्माण विभाग तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
Sanjeev singh Address bhartiya nagar bilaspur 7000103836
