[responsivevoice_button voice="Hindi Female" buttontext="यह खबर हिंदी आडिओ में सुने "]

*कांदुल माध्यमिक विद्यालय की दो छात्राओं का राष्ट्रीय छात्रवृत्ति परीक्षा में चयन, गांव में खुशी का माहौल*

# कांदुल माध्यमिक विद्यालय की दो छात्राओं का राष्ट्रीय छात्रवृत्ति परीक्षा में चयन, गांव में खुशी का माहौल

 

जिला ब्यूरो तरुण साहू की रिपोर्ट

 

*गुंडरदेही।** विकासखंड गुंडरदेही अंतर्गत माध्यमिक विद्यालय कांदुल की छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा (NMMSE) में सफलता प्राप्त कर विद्यालय और क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है। विद्यालय की छात्राएं **धारणी साहू** और **नमिता ठाकुर** का चयन इस प्रतिष्ठित परीक्षा में हुआ है।

दोनों छात्राएं अपनी लगन, मेहनत और बहुमुखी प्रतिभा के लिए जानी जाती हैं। धारणी साहू इससे पूर्व जिला स्तरीय केंद्रीकृत वार्षिक परीक्षा (कक्षा 8वीं) वर्ष 2026 की प्रावीण्य सूची में मात्र एक अंक से स्थान बनाने से चूक गई थीं। अब NMMSE में चयनित होकर उन्होंने अपनी प्रतिभा का परिचय दिया है।

छात्राओं की इस उपलब्धि से विद्यालय एवं ग्राम में उत्सव जैसा माहौल है। विद्यालय में उनका स्वागत गुलाल लगाकर एवं मिठाई खिलाकर किया गया। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष बालाराम साहू, पूर्व अध्यक्ष वीरेन्द्र देवांगन, ग्राम पंचायत के उपसरपंच कन्हैया निषाद, शिक्षाविद जीवन देवांगन सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन एवं विद्यालय परिवार उपस्थित रहे।

विद्यालय के प्रधान पाठक जे.आर. देवांगन तथा शिक्षकों ने छात्राओं की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे विद्यालय के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया। उपस्थित सभी लोगों ने दोनों छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

छात्राओं की इस सफलता ने अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा का कार्य किया है तथा क्षेत्र में शिक्षा के प्रति सकारात्मक माहौल को और मजबूत किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *