[responsivevoice_button voice="Hindi Female" buttontext="यह खबर हिंदी आडिओ में सुने "]

स्क्रैप सामग्री परिवहन मामले में कंपनी संचालक का स्पष्टीकरण, पुलिस पर लगाए जा रहे आरोपों को बताया निराधार

स्क्रैप सामग्री परिवहन मामले में कंपनी का स्पष्टीकरण, पुलिस पर लगाए जा रहे आरोपों को बताया निराधार

बिलासपुर। स्क्रैप सामग्री के परिवहन को लेकर हाल ही में सामने आए विवाद के बीच साई इंजीनियरिंग एंड कंस्ट्रक्शन के एचआर मैनेजर अमनदीप सिंह ने लिखित बयान जारी कर पुलिस पर लगाए जा रहे आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी पुलिसकर्मी द्वारा उनसे पैसों की मांग नहीं की गई और न ही उन्होंने इस मामले में किसी मीडिया प्रतिनिधि को कोई बयान दिया है।

जारी स्पष्टीकरण में अमनदीप सिंह ने बताया कि कंपनी के स्क्रैप माल की बिक्री सिरगिट्टी क्षेत्र के एक खरीदार को की गई थी। खरीदार की ओर से भेजे गए पिकअप वाहन में स्क्रैप सामग्री लोड कर शाम लगभग 7 बजे परिवहन किया जा रहा था। इसी दौरान कंपनी यार्ड के बाहर मोटरसाइकिल से पहुंचे दो पुलिसकर्मियों ने वाहन को रोककर दस्तावेजों की जांच की प्रक्रिया शुरू की।

उन्होंने बताया कि पुलिसकर्मियों ने स्वयं को सिरगिट्टी थाना से संबद्ध बताया और स्क्रैप सामग्री से संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा। उस समय दस्तावेज मौके पर उपलब्ध नहीं होने के कारण उन्हें थाना में प्रस्तुत करने की बात कही गई। इसके बाद वह रात करीब 8:30 बजे सिरगिट्टी थाना पहुंचे और थाना प्रभारी के समक्ष संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत किए।

अमनदीप सिंह के अनुसार दस्तावेजों की जांच के बाद उन्हें वापस जाने की अनुमति दे दी गई। उन्होंने अपने लिखित बयान में कहा कि पूरे घटनाक्रम के दौरान किसी भी पुलिसकर्मी ने उनसे किसी प्रकार की धनराशि की मांग नहीं की।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि मीडिया में प्रसारित हो रही खबरों या चर्चाओं की उन्हें कोई जानकारी नहीं है तथा उन्होंने इस संबंध में किसी पत्रकार या मीडिया संस्था को कोई बयान नहीं दिया है।

कंपनी की ओर से जारी इस स्पष्टीकरण के बाद पुलिस पर लगाए जा रहे आरोपों और सोशल मीडिया में चल रही चर्चाओं को खारिज किया गया है। अमनदीप सिंह ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि मामले को लेकर किसी भी प्रकार की अफवाह न फैलाएं और बिना पुष्टि के भ्रामक जानकारी साझा करने से बचें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *