पलारी नगर पंचायत चुनाव में कांग्रेस की बड़ी जीत, अध्यक्ष सहित 10 वार्डों पर कब्जा
जिला ब्यूरो तरुण साहू की रिपोर्ट
बालोद। जिले की पलारी नगर पंचायत में संपन्न हुए चुनाव के परिणामों में कांग्रेस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अध्यक्ष पद सहित 15 में से 10 वार्डों में जीत दर्ज की है। कांग्रेस की इस जीत को भाजपा के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 3620 मतदाताओं वाली पलारी नगर पंचायत में कुल 3594 मत पड़े। गुरुवार को हुई मतगणना में भाजपा प्रत्याशी लखनलाल गुरुपंच को 1523 मत मिले, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी यानेश साहू को 2029 मत प्राप्त हुए। वहीं 42 मतदाताओं ने नोटा का विकल्प चुना। इस तरह कांग्रेस प्रत्याशी यानेश साहू ने 506 मतों के अंतर से जीत हासिल कर नगर पंचायत अध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया।
वार्ड पार्षद चुनाव परिणामों में कांग्रेस ने 9 वार्डों और भाजपा ने 5 वार्डों में जीत दर्ज की। वार्ड क्रमांक 4 में कांग्रेस प्रत्याशी तीरथ राम साहू और भाजपा प्रत्याशी खिलेंद्र कुमार साहू को समान मत मिलने से मुकाबला टाई हो गया। इसके बाद निर्वाचन नियमों के तहत लॉटरी प्रक्रिया अपनाई गई, जिसमें कांग्रेस प्रत्याशी तीरथ राम साहू विजयी घोषित किए गए। इसके साथ ही कांग्रेस के कुल 10 पार्षद निर्वाचित हुए।
राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बने इस परिणाम को लेकर विभिन्न प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं, मंत्रियों और संगठन पदाधिकारियों द्वारा चुनाव प्रचार में सक्रिय भूमिका निभाने के बावजूद पार्टी को हार का सामना करना पड़ा। चुनाव परिणाम आने के बाद सोशल मीडिया पर भाजपा संगठन की कार्यशैली, कथित गुटबाजी, कार्यकर्ताओं की उपेक्षा और अन्य मुद्दों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
वहीं कांग्रेस नेताओं ने इस जीत को जनता का विश्वास और जनसमर्थन बताते हुए कहा कि प्रदेश की जनता भाजपा सरकार की नीतियों से निराश हो चुकी है। कांग्रेस नेताओं ने पलारी की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह जीत आम नागरिकों की जीत है और जनता ने विकास तथा जनहित के मुद्दों पर अपना स्पष्ट जनादेश दिया है।
हालांकि भाजपा की ओर से चुनाव परिणामों को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
Sanjeev singh Address bhartiya nagar bilaspur 7000103836
