बिलासपुर में 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का शुभारंभ
**पांच संभागों के 571 खिलाड़ी और ऑफिशियल्स ले रहे हिस्सा, तीरंदाजी, हॉकी और कबड्डी में होगा मुकाबला**
**बिलासपुर।** बिलासपुर में 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता 2026-27 का बुधवार को भव्य शुभारंभ हुआ। बहतराई स्थित स्वर्गीय बी.आर. यादव राज्य खेल प्रशिक्षण केंद्र में आयोजित उद्घाटन समारोह में छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। स्थानीय विधायक सुशांत शुक्ला भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
चार दिवसीय यह राज्य स्तरीय प्रतियोगिता 7 से 10 अक्टूबर तक आयोजित की जा रही है। प्रतियोगिता में प्रदेश के पांचों संभाग बिलासपुर, रायपुर, दुर्ग, सरगुजा और बस्तर से कुल 571 खिलाड़ी एवं ऑफिशियल्स हिस्सा ले रहे हैं। इनमें 303 छात्र, 193 छात्राएं और 75 ऑफिशियल्स शामिल हैं।
प्रतियोगिता के दौरान तीरंदाजी, हॉकी और कबड्डी के मुकाबले आयोजित किए जा रहे हैं। खिलाड़ियों के बीच मुकाबले बहतराई स्थित तीरंदाजी मैदान, एस्ट्रोटर्फ मैदान और इंडोर स्टेडियम में होंगे। प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे युवा खिलाड़ी अलग-अलग खेल विधाओं में अपनी प्रतिभा, कौशल और दमखम का प्रदर्शन कर रहे हैं।
उद्घाटन अवसर पर खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया गया। आयोजन का उद्देश्य स्कूली स्तर पर खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना और उन्हें राज्य स्तर पर अपनी क्षमता साबित करने का अवसर देना है।
Sanjeev singh Address bhartiya nagar bilaspur 7000103836
