शांति समिति की बैठक में बड़ा फैसला,कल चार बजे नेहरू चौक से गांधी चौक तक निकलेगा शांति मार्च
नेहरू चौक से गांधी चौक तक निकलेगा मार्च, सभी समाज एवं समुदायों से शामिल होने की अपील
**बिलासपुर, 2 सितंबर 2026।** बिलासपुर में हालिया घटनाक्रम के मद्देनजर शहर में शांति, सामाजिक सद्भाव और आपसी भाईचारे को मजबूत करने के उद्देश्य से बुधवार को कलेक्टर **संजय अग्रवाल** एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक **रजनेश सिंह** की उपस्थिति में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न समाज एवं समुदायों के प्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और मीडिया प्रतिनिधि शामिल हुए। सभी ने एकजुट होकर कहा कि **शांति और भाईचारा ही बिलासपुर की पहचान है।**
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि **3 सितंबर को शहर में शांति मार्च निकाला जाएगा।** शांति मार्च अपराह्न **4 बजे नेहरू चौक से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए गांधी चौक में समाप्त होगा।** समिति एवं प्रशासन की ओर से सभी समाज और समुदायों के लोगों से बड़ी संख्या में शामिल होकर शांति, सद्भाव और भाईचारे का संदेश देने की अपील की गई है।
अफवाहों से दूर रहने की अपील
कलेक्टर **संजय अग्रवाल** ने कहा कि बिलासपुर की पहचान हमेशा से शांति, सौहार्द और आपसी भाईचारे के लिए रही है। वर्तमान परिस्थितियों में प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह संयम बनाए रखे और शहर के शांतिपूर्ण वातावरण को मजबूत करने में सहयोग करे।
उन्होंने नागरिकों से किसी भी प्रकार की अफवाह अथवा भ्रामक सूचना पर विश्वास नहीं करने और उसे आगे प्रसारित नहीं करने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रशासन नागरिकों की सुरक्षा और शहर में शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए पूरी तरह सजग है।
त्योहारों को देखते हुए पुलिस की विशेष अपील
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक **रजनेश सिंह** ने कहा कि शहर में अब शांति लौट आई है और स्थिति सामान्य है। इसे बनाए रखने में नागरिकों और मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने सभी नागरिकों एवं मीडिया प्रतिनिधियों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
एसएसपी ने कहा कि आगामी दिनों में तीज-त्योहारों का सिलसिला शुरू होने वाला है और शहर में विभिन्न आयोजन होंगे। ऐसे आयोजनों में शांति एवं अनुशासन बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने आयोजकों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील करते हुए कहा कि **नशे की हालत में अथवा हथियार लेकर आने वाले किसी व्यक्ति को आयोजन में शामिल नहीं किया जाए।**
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि किसी भी प्रकार की अफवाह, भ्रामक सूचना अथवा विवाद की स्थिति में कानून हाथ में लेने के बजाय तत्काल पुलिस एवं प्रशासन को सूचना दें। उन्होंने कहा कि **आपसी सहयोग, संयम और भाईचारे से ही बिलासपुर की शांति को स्थायी रूप से मजबूत किया जा सकता है।**
प्रशासन-पुलिस को सहयोग का भरोसा
बैठक में मौजूद शांति समिति के सदस्यों एवं गणमान्य नागरिकों ने शहर में शांति और सौहार्द बनाए रखने के लिए प्रशासन एवं पुलिस को हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया। सदस्यों ने हालिया परिस्थितियों को बेहतर ढंग से संभालने तथा शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए कलेक्टर **संजय अग्रवाल** एवं एसएसपी **रजनेश सिंह** के प्रति आभार व्यक्त किया।
बैठक में एडीएम शिवकुमार बनर्जी, एडिशनल एसपी पंकज पटेल, एसडीएम मनीष साहू
सहित शांति समिति के सदस्य, विभिन्न समाज एवं संगठनों के प्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक तथा मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
Sanjeev singh Address bhartiya nagar bilaspur 7000103836
