[responsivevoice_button voice="Hindi Female" buttontext="यह खबर हिंदी आडिओ में सुने "]

*गुंडरदेही में प्रतिबंधित अर्जुन वृक्षों की कटाई जारी, कार्रवाई पर उठे सवाल?*

गुंडरदेही में प्रतिबंधित अर्जुन वृक्षों की कटाई जारी, कार्रवाई पर उठे सवाल

 

 तरुण साहू, जिला ब्यूरो चीफ, बालोद

गुंडरदेही (बालोद)। गुंडरदेही ब्लॉक क्षेत्र में प्रतिबंधित वृक्षों की कटाई और परिवहन का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मचारियों को जानकारी होने के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है। इससे वन संपदा के संरक्षण को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, गुंडरदेही-धमतरी मार्ग स्थित तांदुला नहर के ग्राम फुंडाखार की बड़ी नहर किनारे बड़ी संख्या में प्रतिबंधित अर्जुन वृक्षों की कटाई की गई है। बताया जा रहा है कि दिनदहाड़े वृक्षों की कटाई और परिवहन होने के बावजूद संबंधित विभागों द्वारा समय पर रोकथाम नहीं की गई।

मामले की सूचना तहसीलदार के निर्देश पर पटवारी को दी गई, जिसके बाद पटवारी मौके पर पहुंचा और कटे हुए वृक्षों का पंचनामा तैयार कर उन्हें जब्त किया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार ग्राम अचौद निवासी सोनिया साहू पिता भारत साहू द्वारा 4 नग अर्जुन, 1 नग कसही तथा 1 नग बाबुल वृक्ष की कटाई किए जाने की बात सामने आई है।

हालांकि अब तक संबंधित विभाग की ओर से आगे की कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि शासन द्वारा पर्यावरण संरक्षण और सुशासन की बात की जाती है, लेकिन ऐसे मामलों में दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं होने से अवैध कटाई करने वालों के हौसले बुलंद हैं।

अब देखना होगा कि प्रशासन और वन विभाग इस मामले में क्या कदम उठाते हैं तथा दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई होती है या नहीं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *