ढाबे में मारपीट करने वाला आरोपी गिरफ्तार, सकरी पुलिस ने चाकू भी किया जब्त
बिलासपुर। सकरी थाना पुलिस ने ढाबे में मारपीट और हंगामा करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी के कब्जे से एक धारदार चाकू भी बरामद किया गया है। वहीं, मामले में सहयोग करने और पुलिस कार्रवाई में बाधा पहुंचाने वाले ढाबा संचालक समेत तीन लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी का नाम सुमीत यादव (23 वर्ष) निवासी अशोक नगर बहतराई, थाना सरकंडा है।
मामले में प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के तहत राजकुमार पमनानी, उमेश शर्मा और निशान गुप्ता को न्यायालय पेश किया गया।
प्रार्थी हर्ष पटेल ने थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि 25 मई 2026 को वह अपने साथियों आदित्य साहू और आदित्य मुदलियार के साथ भवानी ढाबा में खाना खाने गए थे। खाना खाने के बाद वहां मौजूद आरोपी सुमीत यादव ने उनके साथी के साथ गाली-गलौच शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपी अपने 6-7 साथियों के साथ डंडा, पाइप और पत्थर से हमला करने लगा तथा जान से मारने की धमकी दी। इस दौरान आरोपी ने प्रार्थी का मोबाइल भी पटककर तोड़ दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक (सिविल लाइन) निमितेश सिंह परिहार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सकरी निरीक्षक विजय चौधरी ने टीम के साथ त्वरित कार्रवाई की। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी सुमीत यादव को ओवरब्रिज के पास से गिरफ्तार किया।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से लोहे का धारदार चाकू बरामद होने पर मामले में आर्म्स एक्ट की धारा भी जोड़ी गई। पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस कार्रवाई में निरीक्षक विजय चौधरी, सहायक उपनिरीक्षक सुरेंद्र तिवारी, आरक्षक मनोज बघेल, सुखदेव मांद्रे एवं सुनील सूर्यवंशी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Sanjeev singh Address bhartiya nagar bilaspur 7000103836
