*पचपेड़ी।* बिलासपुर जिले के पचपेड़ी क्षेत्र में दबंगई और खूनी हमले का सनसनीखेज मामला सामने आया है। दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होने आए दो युवकों पर बीच सड़क बेरहमी से हमला कर उन्हें अधमरा कर दिया गया। हमले में घायल दोनों युवकों की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज सिम्स अस्पताल में जारी है।
जानकारी के अनुसार चकबेढ़ा निवासी निवेश राय अपने मामा घर पचपेड़ी में आयोजित दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होने आया था। बताया जा रहा है कि निवेश राय अपने साथी प्रभाकर के साथ बाइक से नहावन का निमंत्रण देने निकला था। इसी दौरान पचपेड़ी पेट्रोल पंप के पास सरोज जांगड़े के बेटे ने कथित रूप से रांग साइड से लापरवाहीपूर्वक बाइक चलाते हुए उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
आरोप है कि हादसे के बाद आरोपी ने उल्टा निवेश राय और प्रभाकर के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और उनकी बाइक की चाबी छीन ली। विरोध करने पर मामला और भड़क गया। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि कुछ ही देर में सरोज जांगड़े और उसके परिवार के अन्य लोग भी मौके पर पहुंच गए और लाठी तथा धारदार हथियार लेकर दोनों युवकों पर टूट पड़े।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आरोपियों ने दोनों युवकों को सड़क पर दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। धारदार हथियार से हमला होने के कारण दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए और खून से लथपथ हालत में सड़क पर गिर पड़े। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बन गया।
घायलों को आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर उन्हें सिम्स रेफर किया गया। दोनों जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहे हैं।
मामले में पुलिस ने गंभीर धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पचपेड़ी थाना प्रभारी राज सिंह ने बताया कि कुछ युवकों द्वारा मारपीट की घटना को अंजाम दिया गया है, आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
Sanjeev singh Address bhartiya nagar bilaspur 7000103836

[responsivevoice_button voice="Hindi Female" buttontext="यह खबर हिंदी आडिओ में सुने "]