बेलौदी–भूसरेंगा सड़क निर्माण में गड़बड़ी का आरोप, ग्रामीणों का फूटा गुस्सा
तरुण साहू जिला ब्यूरो
बालोद/गुंडरदेही। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बेलौदी से भूसरेंगा तक बन रही सड़क की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। करीब 79.25 लाख रुपये की लागत से 2.70 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण कार्य चल रहा है, लेकिन ग्रामीणों ने इसे पूरी तरह से घटिया बताते हुए ठेकेदार और विभागीय अधिकारियों पर मिलीभगत का आरोप लगाया है।
ग्रामीणों का कहना है कि पुराने डामर को उखाड़ने के बाद गिट्टी की सही लेवलिंग नहीं की गई और न ही रोलर से ठीक तरीके से दबाया गया। कई जगह आधा-अधूरा काम छोड़कर सीधे डामर बिछाने का काम शुरू कर दिया गया, जिससे सड़क की मजबूती पर सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि निर्माण कार्य में मानकों की खुली अनदेखी हो रही है और जिम्मेदार अधिकारी मनमानी कर रहे हैं।
इस लापरवाही को लेकर सरपंच सहित गांव के लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। मौके पर ग्रामीणों ने विरोध जताते हुए काम में सुधार की मांग की है।
अधिकारियों का पक्ष:
मामले में कार्यपालन अभियंता शत्रुघ्न धुव ने कहा कि ग्रामीणों की शिकायत मिली है। एसडीओ को मौके पर भेजा गया है और जांच के बाद निर्माण कार्य में आवश्यक सुधार कराया जाएगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि गुणवत्ता से समझौता नहीं किया जाएगा और मानकों के अनुसार ही डामरीकरण किया जाएगा।
ग्रामीणों की नाराजगी और आरोपों के बीच अब निगाहें प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हैं। यदि समय रहते सुधार नहीं हुआ, तो यह सड़क शुरू होने से पहले ही विवादों में घिर सकती है।
Sanjeev singh Address bhartiya nagar bilaspur 7000103836
