छठ की आस्था और सिंदूर की मर्यादा पर टिप्पणी से उबाल, बिलासपुर में सड़कों पर उतरा समाज
**कॉमेडियन यश माहेश्वरी के खिलाफ एफआईआर और गिरफ्तारी की मांग, सिविल लाइन थाने से पुलिस कार्यालय तक गूंजा विरोध; सामाजिक संगठनों ने कहा- अभिव्यक्ति की आजादी के नाम पर धर्म और नारी सम्मान का अपमान बर्दाश्त नहीं*
बिलासपुर। छठ महापर्व की पवित्रता, सिंदूर की धार्मिक मर्यादा और महिलाओं के सम्मान को लेकर स्टैंडअप कॉमेडियन यश माहेश्वरी की कथित अशोभनीय टिप्पणी ने न्यायधानी बिलासपुर में आक्रोश की लहर पैदा कर दी है। इस टिप्पणी के विरोध में सामाजिक संगठनों और शहरवासियों का गुस्सा सड़कों पर उतर आया। पाटलीपुत्र संस्कृति विकास मंच, भोजपुरी समाज, सहजानंद समाज और छठ पूजा समिति सहित विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने एकजुट होकर सिविल लाइन थाने एवं पुलिस कार्यालय पहुंचकर विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शनकारियों ने कॉमेडियन के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज करने, गिरफ्तारी और कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि छठ महापर्व, महिलाओं की आस्था और पवित्र सिंदूर को लेकर की गई कथित अश्लील टिप्पणी हास्य-व्यंग्य की सीमाओं को लांघने वाली है। मनोरंजन और लोकप्रियता हासिल करने के नाम पर करोड़ों लोगों की धार्मिक भावनाओं, क्षेत्रीय अस्मिता और मातृशक्ति की गरिमा को ठेस पहुंचाना किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। समाज ने सवाल उठाया कि आखिर अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के नाम पर धार्मिक परंपराओं और महिलाओं के सम्मान को निशाना बनाने की छूट कैसे दी जा सकती है?
बिलासपुर में छठ महापर्व का विशेष धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व है। शहर के एशिया के सबसे बड़े स्थायी छठ घाट पर हर वर्ष हजारों श्रद्धालु और व्रती महिलाएं सूर्योपासना के इस महापर्व में शामिल होकर परंपरा और आस्था का निर्वहन करते हैं। ऐसे शहर में छठ पूजा और सिंदूर की परंपरा पर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी ने श्रद्धालुओं को गहरे तक आहत किया है। इसी को लेकर छठ पूजा समिति ने भी मोर्चा खोल दिया है। समिति के प्रतिनिधियों ने थाना प्रभारी सिविल लाइन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) को आवेदन सौंपकर मामले में तत्काल अपराध दर्ज करने और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
सामाजिक संगठनों ने स्पष्ट कहा कि यह विरोध किसी व्यक्ति विशेष के प्रति दुर्भावना से प्रेरित नहीं, बल्कि धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक परंपराओं और महिलाओं की गरिमा की रक्षा के लिए है। मामला केवल छठ महापर्व या किसी एक समुदाय का नहीं, बल्कि समाज में महिलाओं के सम्मान और सार्वजनिक अभिव्यक्ति की मर्यादा से जुड़ा है। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर कानून के दायरे में कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि आस्था और मातृशक्ति के अपमान के मामलों को हल्के में नहीं लिया जाना चाहिए।
सोशल मीडिया की आजादी है, लेकिन मर्यादा भी जरूरी : प्रवीण झा
छठ पूजा समिति बिलासपुर के अध्यक्ष प्रवीण झा ने कहा कि छठ महापर्व हमारी आस्था, संस्कृति और मातृशक्ति के सम्मान का प्रतीक है। कॉमेडियन की कथित अशोभनीय टिप्पणी ने करोड़ों श्रद्धालुओं की भावनाओं को आहत किया है। कॉमेडी के नाम पर किसी धर्म, पर्व, क्षेत्र या महिलाओं का अपमान स्वीकार नहीं किया जा सकता। अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के साथ सामाजिक और सांस्कृतिक जिम्मेदारी भी जुड़ी होती है।
माफी से नहीं, निष्पक्ष जांच और कार्रवाई से मिलेगा न्याय : रौशन सिंह
छठ पूजा समिति के सदस्य रौशन सिंह ने कहा कि हमारी मांग किसी से व्यक्तिगत दुश्मनी निकालने की नहीं, बल्कि धार्मिक आस्था और महिलाओं के सम्मान की रक्षा की है। लोकप्रियता हासिल करने के लिए किसी को भी समाज की भावनाओं से खिलवाड़ करने का अधिकार नहीं है। वीडियो हटाने या माफी मांगने भर से मामले की गंभीरता समाप्त नहीं हो जाती। पुलिस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करे और आरोप प्रमाणित होने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करे। उन्होंने कहा कि बिलासपुर का सर्वसमाज अपनी सांस्कृतिक अस्मिता और मातृशक्ति के सम्मान के सवाल पर चुप नहीं बैठेगा।
कौन हैं यश माहेश्वरी, कैसे शुरू हुआ विवाद?
यश माहेश्वरी राजस्थान के जयपुर निवासी स्टैंडअप कॉमेडियन और डिजिटल कंटेंट क्रिएटर हैं। वे दिल्ली-एनसीआर के कॉमेडी सर्किट में सक्रिय हैं और ‘अलमोस्ट यश’ नाम से यूट्यूब चैनल संचालित करते हैं। विवाद की शुरुआत उनके एक स्टैंडअप शो के वीडियो से हुई, जिसे 21 नवंबर को यूट्यूब पर अपलोड किया गया था। वीडियो में छठ पूजा के दौरान बिहार की विवाहित महिलाओं द्वारा नाक से माथे तक सिंदूर लगाने की परंपरा पर कथित अश्लील टिप्पणी की गई। सिंदूर की तुलना पुरुषों के निजी अंग से करने सहित बिहार की महिलाओं पर किए गए अन्य विवादित मजाक के अंश सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विरोध तेज हो गया। विवाद बढ़ने पर कॉमेडियन ने वीडियो जारी कर सार्वजनिक माफी मांगी और अपनी गलती स्वीकार की। हालांकि, विरोध जारी रहा। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, 24 नवंबर को पटना साइबर थाने और 26 नवंबर को दिल्ली के साकेत थाने में भी उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। अब बिलासपुर में भी पुलिस से कार्रवाई की मांग उठी है।
**इनकी रही प्रमुख उपस्थिति:** छठ पूजा समिति के अभय नारायण राय, सुधीर झा, विजय ओझा, राम प्रताप सिंह, रौशन सिंह, धनंजय झा, दिलीप चौधरी, कुमुद रंजन सिंह, प्रशांत सिंह, राजीव गिरी, राजीव कुमार, सीएम सिंह, चंद्र किशोर प्रसाद, रविंद्र सिंह, सुरेंद्र प्रताप सिंह, प्रमोद सिंह, शशि नारायण मिश्रा, सतीश सिंह, रविंद्र कुशवाहा, धीरज झा, विकास राय, भरत भूषण झा, पंकज सिंह, विनोद सिंह, राम गोस्वामी, राजेश्वर शर्मा, बृजराज सिंह, मनोज सिंह, जटाशंकर झा और ऋषि सिंह सहित बड़ी संख्या में नगरवासी एवं समिति के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
Sanjeev singh Address bhartiya nagar bilaspur 7000103836
