[responsivevoice_button voice="Hindi Female" buttontext="यह खबर हिंदी आडिओ में सुने "]

*एसईसीएल के 42वें स्थापना दिवस समारोह का भव्य शुभारंभ, 170 से अधिक पुरस्कार वितरित*

एसईसीएल के 42वें स्थापना दिवस समारोह का भव्य शुभारंभ, 170 से अधिक पुरस्कार वितरित

बिलासपुर। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) के 42वें स्थापना दिवस के दो दिवसीय समारोह का मंगलवार को कंपनी मुख्यालय में भव्य शुभारंभ हुआ। समारोह में प्रख्यात प्रेरक वक्ता आनंद मुंशी ने कर्मचारियों को नवाचार, निरंतर प्रयास और दृढ़ संकल्प के साथ कार्य करने का संदेश दिया। इस अवसर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कर्मचारियों, खदानों, क्षेत्रों और विभागों को विभिन्न श्रेणियों में 170 से अधिक पुरस्कार प्रदान किए गए।

प्रेरक सत्र में आनंद मुंशी ने कहा कि किसी भी लक्ष्य को हासिल करने के लिए शुरुआत के साथ निरंतर प्रयास करना जरूरी है। कर्मचारियों को अपने दैनिक कार्यों में नए प्रयोग करने और कार्यक्षमता बढ़ाने के लिए लगातार प्रयासरत रहना चाहिए।

समारोह के मुख्य अतिथि एसईसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक हरीश दुहन ने कहा कि देश की ऊर्जा सुरक्षा में योगदान देना कोयला कर्मियों का राष्ट्रीय दायित्व है। उन्होंने कहा कि टीम एसईसीएल में हर लक्ष्य हासिल करने का माद्दा है। यदि सभी कर्मचारी अपने कार्यक्षेत्र में अतिरिक्त प्रयास करें तो कंपनी निर्धारित उत्पादन लक्ष्य आसानी से प्राप्त कर सकती है। उन्होंने पुरस्कार प्राप्त करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई दी।

पुरस्कार वितरण में भूमिगत खदानों की श्रेणी में सोहागपुर क्षेत्र की शारदा खदान प्रथम, बैकुंठपुर की पांडवपारा द्वितीय तथा सोहागपुर की खैरहा और जोहिला क्षेत्र की विंध्या खदान संयुक्त रूप से तृतीय स्थान पर रहीं। खुली खदानों में भटगांव क्षेत्र की जगन्नाथपुर खदान प्रथम, रायगढ़ की बरौद द्वितीय और सोहागपुर की अमलाई खदान तृतीय रही। क्षेत्रीय प्रदर्शन में रायगढ़ प्रथम, भटगांव द्वितीय और बैकुंठपुर तृतीय स्थान पर रहा। सर्वाधिक वृद्धि के लिए मेगा खुली खदान श्रेणी में कुसमुंडा और भूमिगत खदान श्रेणी में हल्दीबाड़ी को सम्मानित किया गया।

समारोह में निदेशक मानव संसाधन बिरंचि दास, निदेशक वित्त डी. सुनील कुमार, निदेशक तकनीकी (संचालन) रमेश चंद्र महापात्र, निदेशक तकनीकी (योजना एवं परियोजना) नृपेन्द्र नाथ सहित पूर्व निदेशक, विभिन्न समितियों के सदस्य, कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

*आज होगा मुख्य समारोह, पलाश सेन की प्रस्तुति*

स्थापना दिवस का मुख्य समारोह बुधवार 25 नवंबर को आयोजित होगा। इसमें एसईसीएल के 15 से अधिक पूर्व अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक एवं निदेशक शामिल होंगे। शाम को वसंत विहार मैदान में आयोजित सांस्कृतिक संध्या में मशहूर पॉप गायक पलाश सेन अपने बैंड ‘यूफोरिया’ के साथ प्रस्तुति देंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *