[responsivevoice_button voice="Hindi Female" buttontext="यह खबर हिंदी आडिओ में सुने "]

चकरभाठा पुलिस की बड़ी कार्रवाई,भाजपा नेता के ढाबे पर पुलिस का छापा, शराबखोरी करते रंगे हाथ पकड़े गए लोग.

भाजपा नेता के ढाबे पर पुलिस का छापा, शराबखोरी करते रंगे हाथ पकड़े गए लोग…

थाने से चंद कदम दूर चल रहा था अवैध ‘बार’, रसूख भी नहीं आया काम; बालाजी ढाबा संचालक समेत 6 पर कार्रवाई…

बिलासपुर। चकरभाठा थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात पुलिस ने भाजपा नेता एवं पूर्व पार्षद अशोक जोतवानी के बालाजी ढाबा पर छापामार कार्रवाई कर अवैध रूप से शराब पिलाने के मामले का खुलासा किया। पुलिस ने ढाबा संचालक अशोक जोतवानी सहित सार्वजनिक जगह पर शराब सेवन कर रहे पांच लोगों के खिलाफ कार्रवाई की है।

जानकारी के अनुसार रायपुर रोड स्थित बालाजी ढाबा में लंबे समय से बिना वैधानिक अनुमति के ग्राहकों को बैठाकर शराब पिलाए जाने की शिकायत मिल रही थी। शिकायत के आधार पर चकरभाठा पुलिस ने शुक्रवार रात ढाबे में दबिश दी। छापे के दौरान कई लोग शराब पीते मिले, जिसके बाद पुलिस ने ढाबा संचालकसंचालक अशोक जोतवानी को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया। वहीं सार्वजनिक जगह पर शराब सेवन कर रहे पांच लोगों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 36(च) के तहत कार्रवाई की गई।

सूत्रों के मुताबिक कार्रवाई रुकवाने के लिए ढाबा संचालक की ओर से कुछ प्रभावशाली लोगों के माध्यम से दबाव बनाने की कोशिश भी की गई, लेकिन पुलिस ने किसी दबाव में आए बिना नियमानुसार कार्रवाई की।

बताया जा रहा है कि रायपुर रोड के कई ढाबों और रेस्टोरेंटों में लंबे समय से अवैध रूप से शराब परोसने का कारोबार चल रहा है। इसकी जानकारी संबंधित विभागों को होने के बावजूद कार्रवाई अक्सर शिकायत मिलने पर ही होती है। तीन दिन पहले भी आबकारी विभाग की उड़नदस्ता टीम ने रायपुर रोड के एक ढाबे और एक चर्चित रेस्टोरेंट में दबिश देकर शराबखोरी करते लोगों को पकड़ा था। हालांकि उस कार्रवाई को गोपनीय रखा गया और मामले की जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई, जिससे सवाल भी उठ रहे हैं।

इन लोगों पर हुई कार्रवाई

हर्ष श्रीवास (25), उसलापुर, थाना सकरी
अभिषेक कुमार सिंह (23), यदुनंदन नगर तिफरा, थाना सिरगिट्टी
राजीव दुबे (29), बोदरी, थाना चकरभाठा
मयंक सिंह (27), यदुनंदन नगर, थाना सिरगिट्टी
बिट्टू कौशिक (28), बोदरी, थाना सिरगिट्टी
अशोक जोतवानी (51), चकरभाठा कैंप, थाना चकरभाठा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *