**सीवी रमन यूनिवर्सिटी का छात्र रहस्यमय तरीके से लापता, कमरे से लाखों के लेन-देन का हिसाब मिला*
बिलासपुर/कोटा। कोटा थाना क्षेत्र में सीवी रमन यूनिवर्सिटी के छात्रावास में रहने वाला एक छात्र रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गया है। मामले में पुलिस ने गुम इंसान कायम कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 7 मार्च को थाना कोटा में गुम इंसान प्रकरण क्रमांक 29/2026 दर्ज किया गया। सीवी रमन यूनिवर्सिटी छात्रावास कोटा में रहने वाला रोहित कुमार (19 वर्ष), पिता अमरेन्द्र कुमार, निवासी महावीर कॉलोनी संगम चौक, गया (बिहार) 6 मार्च 2026 को शाम लगभग 4 बजे से छात्रावास से लापता है। छात्रावास प्रभारी की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर युवक की तलाश शुरू कर दी है।
जांच के दौरान पुलिस को रोहित के कमरे से एक बिना सिम वाला मोबाइल फोन, ऑनलाइन गेमिंग से संबंधित नोट्स और एक राइटिंग पेज मिला है, जिसमें बेटिंग के नियम लिखे हुए हैं। इसके अलावा एक नोटबुक भी बरामद हुई है, जिसमें करीब 40 लाख 77 हजार 400 रुपये के लेन-देन का हिसाब दर्ज पाया गया है।
पुलिस के अनुसार रोहित के मोबाइल से उसकी मां को यह संदेश भेजा गया था कि वह अपनी इच्छा से कहीं जा रहा है, लेकिन वह मैसेज डिलीवर नहीं हुआ।
पुलिस ने छात्रावास में रहने वाले छात्रों, मित्रों और परिचितों से पूछताछ की है। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि रोहित ऑनलाइन गेमिंग में सक्रिय था और कई लोगों के साथ पैसों का लेन-देन करता था। घटना वाले दिन भी उसने अपने साथियों से कैश में पैसे मांगे थे और कहा था कि वह यूपीआई के माध्यम से तुरंत वापस कर देगा।
तकनीकी जांच में पुलिस को बैंक खाते में लगभग 7 लाख रुपये के ट्रांजेक्शन की जानकारी मिली है, जिसमें अलग-अलग लोगों और ऐप के माध्यम से पैसे का लेन-देन हुआ है।
पुलिस ने यूनिवर्सिटी गेट, मोबाइल नाका चौक, खत्री इंटरप्राइजेस, आसपास के स्कूल, यूको बैंक एटीएम, पेट्रोल पंप सहित कई स्थानों के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले हैं। इसके अलावा युवक की जानकारी अन्य जिलों की पुलिस को भी भेजी गई है।
डॉग स्क्वाड की मदद से छात्रावास से लेकर कोटा रेलवे स्टेशन तक सर्च ऑपरेशन चलाया गया। वहीं यूनिवर्सिटी प्रबंधन को भी नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है।
परिजनों के अनुसार रोहित के भाई-बहनों को उसके ऑनलाइन बेटिंग में पैसे लगाने और हारने की जानकारी थी। पुलिस द्वारा पूरे मामले में पारदर्शिता रखते हुए परिजनों को भी जांच प्रक्रिया में शामिल किया जा रहा है।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी को भी रोहित कुमार के संबंध में कोई जानकारी मिले तो तत्काल **थाना कोटा, जिला बिलासपुर** को सूचित करें।
Sanjeev singh Address bhartiya nagar bilaspur 7000103836
