**छत्तीसगढ़ के चार सेंट्रल जेलों को मिला आईएसओ 9001:2015 प्रमाण, गुणवत्ता सुधार की दिशा में बड़ी उपलब्धि**
**रायपुर।** छत्तीसगढ़ की जेल व्यवस्थाओं में गुणवत्ता, पारदर्शिता और जवाबदेही को सुदृढ़ करने की दिशा में राज्य सरकार को एक महत्वपूर्ण सफलता मिली है। उप मुख्यमंत्री एवं जेल विभाग के प्रभारी मंत्री विजय शर्मा के निर्देशन में किए जा रहे सुधारात्मक प्रयासों के परिणामस्वरूप राज्य की चार केंद्रीय जेलों—रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर और अम्बिकापुर—को अंतरराष्ट्रीय गुणवत्ता मानक **आईएसओ 9001:2015** का प्रमाणन प्राप्त हुआ है।
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने जेलों की कार्यप्रणाली को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विकसित करने के उद्देश्य से आईएसओ सर्टिफिकेशन की पहल की थी। निर्धारित प्रक्रियाओं और मानकों को पूर्ण करते हुए इन चारों सेंट्रल जेलों ने यह प्रमाणन हासिल किया है।
इस उपलब्धि से जेल प्रशासन की कार्यप्रणाली में एकरूपता और पारदर्शिता सुनिश्चित होगी। साथ ही बंदी कल्याण, मानवाधिकार संरक्षण, जोखिम प्रबंधन और जवाबदेही जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सुधार को मजबूती मिलेगी। इससे जनविश्वास और संस्थागत विश्वसनीयता में भी वृद्धि होने की उम्मीद है।
राज्य सरकार का स्पष्ट उद्देश्य जेलों को केवल निरुद्ध स्थान के रूप में नहीं, बल्कि सुधार और पुनर्वास केंद्र के रूप में विकसित करना है। आईएसओ प्रमाणन इसी दिशा में उठाया गया एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जो छत्तीसगढ़ की सुधारात्मक न्याय प्रणाली को और अधिक प्रभावी एवं व्यवस्थित बनाएगा।
Sanjeev singh Address bhartiya nagar bilaspur 7000103836
