[responsivevoice_button voice="Hindi Female" buttontext="यह खबर हिंदी आडिओ में सुने "]

*किसान बोले—धान खरीदी लिमिट तुरंत बढ़ाई जाए, वरना कैसे होगी खरीदी?**

**किसान बोले—धान खरीदी लिमिट तुरंत बढ़ाई जाए, वरना कैसे होगी खरीदी?**
*ब्यूरो चीफ – तरुण साहू, बालोद*

बालोद। गुंडरदेही ब्लॉक के कांदूल सहित पूरे जिले की सेवा सहकारी समितियों में किसानों ने धान खरीदी की लिमिट बढ़ाने की मांग तेज कर दी है। किसानों का कहना है कि लिमिट कम होने की वजह से खरीदी की रफ्तार बेहद धीमी है, टोकन कट नहीं पा रहे हैं और बड़े किसानों का धान अभी भी घरों में पड़ा हुआ है।

कांदूल सोसाइटी के किसानों के अनुसार, कलेक्टर से लगातार मांग रखी गई है। किसानों का कहना है कि दो–तीन दिनों में लिमिट बढ़ाने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन कई दिनों बीत जाने के बाद भी लिमिट नहीं बढ़ाई गई है। किसानों का आरोप है कि प्रशासन सिर्फ भरोसा दिला रहा है, जबकि जमीनी स्तर पर स्थिति जस की तस बनी हुई है।

समिति प्रबंधकों से बात करने पर किसानों को बार–बार यही जवाब मिलता है कि *“सोमवार को लिमिट बढ़ जाएगी”*, लेकिन ऐसा नहीं होने से किसानों में नाराजगी बढ़ रही है। वर्तमान स्थिति में केवल छोटे किसानों के ही टोकन काटे जा रहे हैं, जबकि बड़े किसानों को दो–तीन बार चक्कर लगाने के बाद भी टोकन नहीं मिल पा रहा।

किसानों ने यह भी बताया कि ऑनलाइन प्रणाली में बड़े किसानों के टोकन पूरे किए जा रहे हैं, लेकिन ऑफलाइन प्रक्रिया में लगातार तकनीकी दिक्कतें आ रही हैं। ऑफलाइन टोकन बनने में लिमिट की समस्या सामने आ रही है, जबकि कई किसान ऑनलाइन प्रक्रिया से परिचित नहीं हैं, जिसके कारण वे सोसाइटी पर निर्भर हैं। लेकिन वहां भी समाधान नहीं मिल रहा।

किसानों का कहना है कि भाजपा सरकार और प्रशासन को धान खरीदी प्रणाली सुधरनी चाहिए। लिमिट नहीं बढ़ने से खरीदी केंद्रों में आवक कम है, जिससे धान खरीदी प्रभावित हो रही है। उन्होंने शासन–प्रशासन एवं कलेक्टर से तत्काल लिमिट बढ़ाने की मांग की है, ताकि सभी किसानों का धान समय पर खरीदा जा सके और खरीदी प्रक्रिया सुचारू रूप से चल सके।

किसानों का कहना है कि यदि जल्द निर्णय नहीं लिया गया, तो आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *