**गुंडरदेही–अर्जुंदा ब्लॉक में फसल कटते ही वृक्षों की अवैध कटाई शुरू**

**गुंडरदेही–अर्जुंदा ब्लॉक में फसल कटते ही वृक्षों की अवैध कटाई शुरू**
**ब्यूरो चीफ।। तरुण साहू, बालोद**

बालोद।।। गुंडरदेही व अर्जुंदा ब्लॉक में इस साल भी फसल कटाई पूर्ण होने से पहले ही लकड़ी ठेकेदारों द्वारा बड़े पैमाने पर वृक्षों की कटाई शुरू कर दी गई है। ग्रामीणों का कहना है कि खेतों में फसल खड़ी होने के बावजूद कुछ ठेकेदार मनमानी पर उतर आए हैं और बिना अनुमति पेड़ों की कटाई कर लकड़ी की ढुलाई कर रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, हर वर्ष बारिश शुरू होते ही शासन–प्रशासन द्वारा सभी विभागों को वृक्षारोपण के आदेश जारी किए जाते हैं और बड़े पैमाने पर पौधारोपण भी कराया जाता है। लेकिन दूसरी ओर, कुछ ठेकेदार विभागीय लापरवाही का फायदा उठाकर वर्षभर पेड़ों की कटाई में लगे रहते हैं। आरोप है कि कई लकड़ी ठेकेदार वन विभाग के कुछ अधिकारियों की शह पर पेड़ों की अवैध कटाई कर ट्रकों में भरकर ले जाते हैं, लेकिन विभागीय स्तर पर कोई कठोर कार्रवाई नहीं होती।

ग्रामीणों का कहना है कि हर साल यह स्थिति देखने को मिलती है, जिसके चलते ठेकेदारों का हौसला बढ़ता जा रहा है। फसल कटते ही पेड़ों की अंधाधुंध कटाई शुरू हो जाती है, जो पर्यावरण के लिए गंभीर खतरा है।

स्थानीय लोगों ने वन विभाग से मांग की है कि ऐसे ठेकेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि अवैध वृक्ष कटाई पर प्रभावी रोक लग सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *