[responsivevoice_button voice="Hindi Female" buttontext="यह खबर हिंदी आडिओ में सुने "]

एक पेड़ मां के नाम 2.0″ अभियान के तहत सकरी थाने में पौधारोपण..

एक पेड़ मां के नाम 2.0″ अभियान के तहत सकरी थाने में पौधारोपण

बिलासपुर। पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से स्वयंसिद्धा फाउंडेशन द्वारा “एक पेड़ मां के नाम 2.0” अभियान के तहत रविवार को सकरी थाना परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) रजनेश सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान एसएसपी रजनेश सिंह ने कहा कि आज के समय में पर्यावरण असंतुलन एक गंभीर समस्या के रूप में सामने आ रहा है। इसे संतुलित करने के लिए हमें केवल पौधे लगाना ही नहीं, बल्कि उनकी सुरक्षा और नियमित देखरेख की जिम्मेदारी भी निभानी होगी। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति अगर वर्ष में कम से कम एक पौधा भी लगाए और उसकी देखभाल करे, तो समाज और आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ वातावरण मिल सकता है।

इस मौके पर एडिशनल एसपी राजेंद्र जायसवाल ने भी विचार व्यक्त करते हुए कहा कि स्वयंसिद्धा फाउंडेशन द्वारा किया जा रहा यह प्रयास वास्तव में सराहनीय है। उन्होंने कहा कि मानसून का समय पौधारोपण के लिए सबसे उपयुक्त होता है और इस मौसम में ज्यादा से ज्यादा पेड़ लगाने से उनकी जड़ें मजबूत होती हैं। उन्होंने सभी लोगों से अपील की कि वे अपने आसपास हरियाली बढ़ाने में योगदान दें ताकि जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों का सामना किया जा सके।

वार्ड क्रमांक 4 की पार्षद एवं एमआईसी चेयरमैन कुसुम कोसले ने भी इस अवसर पर कहा कि पौधारोपण केवल पर्यावरण बचाने की दिशा में ही नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ी को स्वस्थ जीवन देने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि स्वयंसिद्धा फाउंडेशन ने इस कार्य में समाज को जोड़ने का जो प्रयास किया है, वह प्रेरणादायी है। उन्होंने यह भी घोषणा की कि आने वाले समय में अपने वार्ड क्षेत्र में बड़े पैमाने पर पौधारोपण किया जाएगा, ताकि हर घर और गली-चौराहे तक हरियाली फैलाई जा सके।

फाउंडेशन के अध्यक्ष चंचल सलूजा ने बताया कि संस्था पिछले कई वर्षों से जनहित के कार्यों में सक्रिय है। शिक्षा, स्वास्थ्य और जागरूकता जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में काम करने के साथ ही फाउंडेशन लगातार पर्यावरण संरक्षण को लेकर भी अभियान चलाता आ रहा है। उन्होंने कहा कि बरसात का समय पौधारोपण के लिए सबसे अच्छा अवसर होता है और इसी को ध्यान में रखते हुए जिले के विभिन्न इलाकों में लगातार वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

पौधारोपण कार्यक्रम में सकरी थाना प्रभारी प्रदीप आर्य भी मौजूद रहे। इसके अलावा फाउंडेशन के सदस्य नवीन दुबे, हर्षप्रीत छाबड़ा, मोनिका तिवारी, अवनी वाशिंग सहित बड़ी संख्या में पुलिस विभाग के अधिकारी, कर्मचारी और स्थानीय नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की।

कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थितजनों ने यह संकल्प लिया कि लगाए गए पौधों की देखभाल की जाएगी ताकि वे भविष्य में घने पेड़ों का रूप ले सकें और पर्यावरण संरक्षण की इस मुहिम को गति प्रदान करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *