[responsivevoice_button voice="Hindi Female" buttontext="यह खबर हिंदी आडिओ में सुने "]

डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल कुड़कई पेंड्रा में धूमधाम से मनाया गया 79वां स्वतंत्रता दिवस

पेंड्रा। देशभक्ति की भावना और उत्साह से ओतप्रोत वातावरण में डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल, कुड़कई पेंड्रा में 79वां स्वतंत्रता दिवस बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि एवं अभिभावकों द्वारा ध्वजारोहण और राष्ट्रगान से हुई।

कार्यक्रम का संचालन विवान कश्यप और हर्षिता पोर्ते ने प्रभारी शिक्षक उत्तम साहू के मार्गदर्शन में किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में कुड़कई की सरपंच जागेश्वरी भरिया एवं समस्त पंचगण उपस्थित रहे। विद्यालय की प्रभारी शिक्षिका कोमल ओझा ने पुष्पगुच्छ भेंट कर अतिथियों का स्वागत किया।

विद्यालय के नन्हे-मुन्ने बच्चों (एलकेजी से कक्षा दूसरी तक) ने देशभक्ति गीतों और समूह नृत्य जैसी रंगारंग प्रस्तुतियों से उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। वहीं हाल ही में आयोजित ओलंपियाड प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कक्षा चौथी के छात्र आकर्ष पांडे को मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर प्रभारी शिक्षिका कोमल ओझा ने कहा कि केवल देशप्रेम ही पर्याप्त नहीं होता, बल्कि देश के प्रति कर्तव्य पालन भी आवश्यक है। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी अभिभावकों का आभार व्यक्त किया और शिक्षकों को सामूहिक सहयोग की भावना बनाए रखने का आह्वान किया। राष्ट्रप्रेम और उत्साह से भरे इस समारोह का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *