**पूर्व विधायक शैलेश पांडे को मिली जान से मारने की धमकी, 20 लाख की फिरौती और बेटी उठाने की चेतावनी**
**बिलासपुर | **
बिलासपुर शहर के पूर्व विधायक शैलेश पांडे को अज्ञात व्यक्ति द्वारा फोन कर जान से मारने की धमकी देने और 20 लाख रुपए की फिरौती की मांग करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी ने पूर्व विधायक की बेटी को उठाने की धमकी भी दी है, जिससे न सिर्फ राजनीतिक बल्कि आम नागरिकों में भी भय और आक्रोश का माहौल बन गया है।
घटना बुधवार दोपहर करीब 11.45 बजे की है जब शैलेश पांडे की पत्नी ऋतु पांडे के मोबाइल नंबर पर एक अनजान कॉल आया। फोन करने वाले ने सीधे शैलेश पांडे से बात करने की मांग की। जब पूर्व विधायक ने फोन लिया, तो कॉल करने वाले ने धमकी भरे लहजे में कहा कि “20 लाख रुपए दो, नहीं तो सहकारिता उप पंजीयक मंजू पांडे की बेटी को उठा ले जाऊंगा।” इसके बाद उसने गाली-गलौच और अश्लील भाषा का प्रयोग किया। शैलेश पांडे द्वारा पूर्व विधायक होने की जानकारी देने के बावजूद धमकी देने वाला रुका नहीं।
पूर्व विधायक ने तत्परता दिखाते हुए इस घटना की जानकारी तत्काल एसएसपी को दी और सकरी थाना प्रभारी प्रदीप आर्या से मिलकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने इस मामले में भारतीय दंड संहिता की धारा 296 और 351(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है।
चौंकाने वाली बात यह है कि धमकी मंजू पांडे की बेटी को उठाने की दी गई, लेकिन फोन पूर्व विधायक को किया गया। इस अजीबोगरीब घटनाक्रम को लेकर स्वयं शैलेश पांडे ने भी आश्चर्य जताया है और मामले को गंभीर साजिश की आशंका बताया है।
इस घटना ने राजनीतिक हलकों में खलबली मचा दी है। कांग्रेस कार्यकर्ता और आमजन इस धमकी को एक बड़ी साजिश मान रहे हैं। चर्चा है कि यह मामला किसी राजनीतिक रंजिश से जुड़ा हो सकता है। फिलहाल पुलिस तकनीकी जांच और कॉल डिटेल्स के माध्यम से आरोपी की पहचान में जुटी हुई है।
शहर में बढ़ते अपराधों और खुलेआम दी जा रही धमकियों को लेकर भी चिंता गहराती जा रही है। आम जनता सवाल उठा रही है कि जब एक पूर्व विधायक तक सुरक्षित नहीं है, तो आम नागरिकों की सुरक्षा की क्या गारंटी है? पुलिस प्रशासन पर मामले के शीघ्र खुलासे का दबाव बढ़ता जा रहा है।
Sanjeev singh Address bhartiya nagar bilaspur 7000103836

[responsivevoice_button voice="Hindi Female" buttontext="यह खबर हिंदी आडिओ में सुने "]