**सकरी पुलिस की तत्परता से चंद घंटों में चोरी का खुलासा, 52 हजार की संपत्ति बरामद**
बिलासपुर। थाना सकरी क्षेत्र अंतर्गत घुरू में निर्माणाधीन मकान से चोरी हुए सामान की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज कुछ घंटों में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। चोरी गए 52 हजार रुपए मूल्य के सामान को सकरी पुलिस ने आरोपी से बरामद कर लिया है। इस सफलता में थाना प्रभारी सहित पुलिस टीम की सजगता एवं तेजी की सराहना की जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी प्रशांत कुमार पिता दिनेश्वर प्रसाद साहू (33 वर्ष) निवासी शिव शक्ति नगर, घुरू थाना सकरी ने पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि वह अपने निर्माणाधीन मकान में वायरिंग एवं पुट्टी का कार्य करवा रहा है। इसके लिए दिनांक 20 जून 2025 को उसने 14 बंडल वायर, एक पुट्टी मिक्सचर मशीन, एक ब्लेंडर मशीन एवं 5 नग स्टील के नल कुल कीमती लगभग 52,000 रुपए का सामान मौके पर रखवाया था। शाम को जब वह मकान में तराई करने पहुंचा, तो पाया कि कमरे का ताला टूटा हुआ था और दरवाजा खुला हुआ था। भीतर जाकर देखने पर सामान गायब मिला, जिसे कोई अज्ञात चोर चोरी कर ले गया था।
प्रार्थी की शिकायत पर तत्काल थाना सकरी में अपराध क्रमांक 306/2025, धारा 457, 380 भादंवि के तहत मामला पंजीबद्ध कर वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया। पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह द्वारा चोर की शीघ्र गिरफ्तारी और संपत्ति की बरामदगी के निर्देश दिए गए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) श्री राजेन्द्र जायसवाल एवं नगर पुलिस अधीक्षक (सिविल लाइन) श्री निमितेश सिंह परिहार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रदीप आर्य के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए क्षेत्र में सक्रिय संदेहियों पर नजर रखी और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। इसी क्रम में संदेही सुभाष सतनामी पिता स्व. हरि सतनामी (उम्र 46 वर्ष), निवासी अमेरी थाना सकरी से पूछताछ की गई। प्रारंभ में उसने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने चोरी की घटना को स्वीकार कर लिया।
आरोपी के निशानदेही पर चोरी गया पूरा सामान – 14 बंडल वायर, एक पुट्टी मिक्सचर मशीन, एक ब्लेंडर मशीन और 5 नग स्टील के नल, कुल अनुमानित मूल्य 52,000 रुपए – बरामद कर जब्त कर लिया गया। सकरी पुलिस की तत्परता से एफआईआर दर्ज होने के कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर पीड़ित को राहत दिलाई गई।
उक्त कार्रवाई में निरीक्षक प्रदीप आर्य, प्रआर रवि कुमार लहरे, आरक्षक सुमन कश्यप, अमित पोर्ते, आशीष शर्मा और विनेन्द्र कौशिक की भूमिका सराहनीय रही। सकरी पुलिस की इस तत्परता से क्षेत्र में जनता के बीच सुरक्षा और विश्वास की भावना मजबूत हुई है।
Sanjeev singh Address bhartiya nagar bilaspur 7000103836

[responsivevoice_button voice="Hindi Female" buttontext="यह खबर हिंदी आडिओ में सुने "]