गलगम पहुंचे मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, जवानों का बढ़ाया हौसला, नक्सल मुक्त छत्तीसगढ़ की दिशा में बड़ा कदम
रायपुर, 15 मई 2025/ मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज बीजापुर जिले के उसूर तहसील के नक्सल प्रभावित गांव गलगम का दौरा किया। इस अवसर पर उन्होंने सीआरपीएफ जवानों और ग्रामीणों से मुलाकात कर हालिया सफल नक्सल विरोधी अभियान के लिए बधाई दी। मुख्यमंत्री ने करेगुट्टा की पहाड़ी पर 21 दिनों तक चले ऑपरेशन में 31 कुख्यात माओवादियों के मारे जाने और भारी मात्रा में हथियारों की बरामदगी को ऐतिहासिक सफलता बताया।
मुख्यमंत्री श्री साय ने भारत माता और छत्तीसगढ़ महतारी के जयकारों के साथ अपने संबोधन की शुरुआत की और जवानों की बहादुरी को सलाम किया। उन्होंने कहा कि गलगम और करेगुट्टा जैसे क्षेत्रों में सफलता से नक्सलवाद के खात्मे की दिशा में नई उम्मीद जगी है। उन्होंने कहा कि बीते डेढ़ साल में राज्य सरकार ने सुशासन और सुरक्षा को प्राथमिकता दी है।
सीआरपीएफ जवानों के साथ संवाद करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 44 डिग्री की गर्मी में भी आपका जज़्बा नमन योग्य है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा कैम्प अब सुविधा कैम्प बन चुके हैं, जिनसे सुदूर गांवों तक शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली और मोबाइल नेटवर्क जैसी बुनियादी सुविधाएं पहुंच रही हैं।
मुख्यमंत्री साय ने बताया कि मूलेर में पहला कैम्प खोलने के बाद क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव आया है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के नेतृत्व में नक्सल विरोधी अभियान की सफलता को साझा विजन का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि मार्च 2026 तक छत्तीसगढ़ को नक्सल मुक्त बनाने का लक्ष्य तय किया गया है।
अपने दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने ग्रामीण हितग्राहियों को राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड वितरित किए और पीएम आवास योजना के तहत नक्सल पीड़ित व आत्मसमर्पित परिवारों को स्वीकृति पत्र सौंपे। उन्होंने आश्वस्त किया कि शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और रोजगार के क्षेत्र में विकास कार्यों को तेज गति से आगे बढ़ाया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने गलगम कैम्प में जवानों के साथ भोजन किया और भारत माता के जयकारे के साथ उनका उत्साह बढ़ाया। पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम ने सिविक एक्शन कार्यक्रमों की सराहना की। कलेक्टर बीजापुर संबित मिश्रा ने बताया कि सुशासन तिहार-2025 के तहत गलगम में समाधान शिविर आयोजित किया गया, जिसमें 1590 आवेदन प्राप्त हुए।
इस अवसर पर मुख्य सचिव अमिताभ जैन, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, बस्तर रेंज आईजी सुंदरराज पी., डीआईजी कमलोचन कश्यप, पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेन्द्र यादव समेत कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
Sanjeev singh Address bhartiya nagar bilaspur 7000103836

[responsivevoice_button voice="Hindi Female" buttontext="यह खबर हिंदी आडिओ में सुने "]