कोरी डेम पर कोटा पुलिस की सख्त कार्यवाही: नशे में हुड़दंग और स्टंट करने वाले 16 युवकों पर कार्रवाई, मुनादी कर दी चेतावनी
कोटा (27 जुलाई 2025)। बरसात के मौसम में नदी-नालों में बढ़ते जलस्तर और पिकनिक स्थलों पर बढ़ती भीड़ को ध्यान में रखते हुए कोटा पुलिस ने कोरी डेम पर सख्त कार्रवाई करते हुए शराब के नशे में वाहन चला रहे और स्टंट कर रहे 16 युवकों को धर दबोचा। इनके खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई की गई है। साथ ही डेम के आस-पास मुनादी कर लोगों को तेज बहाव वाली नदी में नहीं जाने की अपील की गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के निर्देश पर चलाए जा रहे “चेतना अभियान – नशा के विरुद्ध प्रहार” के तहत यह कार्यवाही की गई। अभियान का उद्देश्य युवाओं में बढ़ते नशा सेवन और लापरवाह व्यवहार पर अंकुश लगाना है। एसएसपी के निर्देशानुसार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अर्चना झा (रा.पु.से.) एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस कोटा नुपूर उपाध्याय (रा.पु.से.) के मार्गदर्शन में शनिवार को यह विशेष अभियान चलाया गया।
पुलिस टीम ने पाया कि कुछ युवक शराब के नशे में धुत होकर दोपहिया व चारपहिया वाहनों से स्टंट कर रहे थे, जिससे वहां मौजूद परिवारों और बच्चों की जान जोखिम में पड़ रही थी। मौके पर ही 16 लोगों को पकड़ा गया और उनके खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम की धारा 185 के अंतर्गत चालानी कार्रवाई की गई। यह कार्यवाही घोंघा जलाशय स्थित कोरी डेम क्षेत्र में की गई, जो स्थानीय लोगों के बीच एक लोकप्रिय पर्यटन स्थल है।
पुलिस ने लाउडस्पीकर से मुनादी कर क्षेत्र के ग्रामीणों और सैलानियों को चेताया कि वे नदी के किनारे जाने से बचें, खासकर तेज बहाव में नहाने या बच्चों को पानी में उतरने से रोकें। इसके साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन करने वालों को सख्त चेतावनी दी गई कि यदि भविष्य में कोई ऐसी हरकत करते पाया गया, तो उसके खिलाफ कठोर कानूनी कार्यवाही की जाएगी।
इस मुहिम में थाना प्रभारी निरीक्षक तोपसिंग नवरंग, उप निरीक्षक मीना ठाकुर, सहायक उप निरीक्षक गोपाल प्रसाद खांडेकर, शिव कुमार साहू, चंद्र प्रकाश पांडेय सहित थाना कोटा का समस्त स्टाफ सक्रिय भूमिका में रहा। पुलिस की यह त्वरित और प्रभावी कार्रवाई लोगों के बीच सराही जा रही है।
कोटा पुलिस ने साफ कर दिया है कि कानून तोड़ने वालों को बख्शा नहीं जाएगा और पिकनिक स्पॉट पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कोई समझौता नहीं होगा। पुलिस ने आम नागरिकों से भी सहयोग की अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें ताकि इस तरह के हादसों से बचा जा सके।
Sanjeev singh Address bhartiya nagar bilaspur 7000103836

[responsivevoice_button voice="Hindi Female" buttontext="यह खबर हिंदी आडिओ में सुने "]