**पूरक परीक्षा के दौरान स्कूल बंद कर बिलासपुर रवाना हुए प्राचार्य, छात्रों और अभिभावकों में आक्रोश**
*जीपीएम (गौरेला-पेंड्रा-मरवाही), संवाददाता – कृष्णा पाण्डेय*
विकासखंड गौरेला के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पकरिया में शिक्षा प्रशासन की गंभीर लापरवाही सामने आई है। विद्यालय के प्राचार्य श्री राम किशोर साहू द्वारा पूरक परीक्षा के दौरान स्कूल बंद कर बिना किसी पूर्व सूचना के बिलासपुर रवाना हो जाने से छात्र-छात्राओं को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा।
शुक्रवार को सुबह लगभग 11 बजे विद्यालय के गेट पर ताला लगाकर प्राचार्य साहू अचानक बिलासपुर के लिए निकल गए। उस समय विद्यालय में पूरक परीक्षा के साथ-साथ द्वितीय अवसर परीक्षा के फॉर्म भरने की प्रक्रिया चल रही थी। ऐसे महत्वपूर्ण समय में प्राचार्य की अनुपस्थिति से न केवल छात्रों को मार्गदर्शन से वंचित रहना पड़ा, बल्कि परीक्षा व्यवस्था भी प्रभावित हुई।
इस घटना से नाराज स्थानीय अभिभावकों और शिक्षकों ने प्राचार्य के रवैये को गैरजिम्मेदाराना और अनुशासनहीन बताया है। कई अभिभावकों ने यह सवाल उठाया कि जब छात्रों के भविष्य से जुड़ी परीक्षाएं संचालित हो रही थीं, तब प्राचार्य का स्कूल बंद कर चले जाना किस प्रकार की कर्तव्यपरायणता है?
एक स्थानीय शिक्षक ने बताया कि इस प्रकार की लापरवाही से न केवल छात्रों का मनोबल टूटता है बल्कि शिक्षा विभाग की छवि भी धूमिल होती है। कुछ अभिभावकों ने शिक्षा विभाग से इस घटना की जांच कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
छात्रों का कहना है कि उन्हें परीक्षा फॉर्म भरने और आवश्यक जानकारी लेने के लिए प्राचार्य की सहायता की आवश्यकता थी, लेकिन स्कूल बंद होने से वे असमंजस में पड़ गए। इससे उनकी परीक्षा की तैयारी भी प्रभावित हुई है।
अब क्षेत्रीय शिक्षा अधिकारी और जिला शिक्षा विभाग की यह जिम्मेदारी है कि वे इस मामले को गंभीरता से लेते हुए समय पर उचित जांच करें और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करें। ऐसी घटनाएं यदि अनदेखी की जाती हैं, तो इसका सीधा असर विद्यार्थियों की शिक्षा पर पड़ेगा।
Sanjeev singh Address bhartiya nagar bilaspur 7000103836

[responsivevoice_button voice="Hindi Female" buttontext="यह खबर हिंदी आडिओ में सुने "]