[responsivevoice_button voice="Hindi Female" buttontext="यह खबर हिंदी आडिओ में सुने "]

बिलासपुर में खाद्य एवं सेफ्टी विभाग की बड़ी कार्रवाई, 418 किलो बतासा नष्ट; निर्माण फर्म सील

बिलासपुर में खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, 418 किलो बतासा नष्ट; निर्माण फर्म सील
चांटीडीह में अस्वच्छ माहौल में बन रहा था बतासा, श्री राम कनफेक्शनरी को सुधार होने तक बंद रखने के निर्देश; मौसा जी स्वीट्स से पेड़ा और काजू कतली के नमूने लिए

बिलासपुर, 29 अक्टूबर। त्योहारी सीजन में मिठाइयों और खाद्य पदार्थों की बढ़ती मांग के बीच खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावट और अमानक खाद्य सामग्री के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। गुरुवार को चांटीडीह स्थित बतासा निर्माण इकाई में निरीक्षण के दौरान अस्वच्छ परिस्थितियों में उत्पादन किए जाने का मामला सामने आया। विभागीय टीम ने मौके पर मौजूद 418 किलोग्राम बतासा नष्ट करा दिया। साथ ही, संबंधित निर्माण इकाई को सुधार कार्य पूरा होने तक बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं।

खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार, वार्ड क्रमांक 47, चांटीडीह स्थित श्री राम कनफेक्शनरी का औचक निरीक्षण किया गया। यह फर्म रामदास साहू के स्वामित्व में संचालित है। जांच के दौरान परिसर में बेहद अस्वच्छ परिस्थितियों में बतासा का निर्माण होता पाया गया। खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन को गंभीरता से लेते हुए टीम ने मौके पर रखे 28 कैरेट बतासे नष्ट करा दिए। इनका कुल वजन 418 किलोग्राम और अनुमानित बाजार मूल्य 27,170 रुपये बताया गया है।

विभाग ने संबंधित इकाई को सुधार कार्य पूरा होने तक अग्रिम आदेश तक बंद रखने के निर्देश दिए हैं। त्योहारी बाजार में बिकने वाले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए इस कार्रवाई को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

मौसा जी स्वीट्स से भी लिए नमूने
इसी अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मौसा जी स्वीट्स की निर्माण इकाई का भी निरीक्षण किया। यहां से पेड़ा और काजू कतली के विधिक नमूने लिए गए हैं। इन नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा नियमों के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण दल में ये अधिकारी रहे शामिल
कार्रवाई के दौरान अभिहित अधिकारी आर. आर. देवांगन, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी खीरसागर पटेल तथा खाद्य सुरक्षा अधिकारी अविषा मरावी और प्रतीक तिवारी मौजूद रहे।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से समझौता करने वाले कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। विभाग ने नागरिकों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता बताते हुए जिले में औचक निरीक्षण अभियान लगातार चलाने की बात कही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *