*रामनवमी पर 1008 रामभक्तों की अयोध्या यात्रा, मुख्यमंत्री को सौंपा गया आमंत्रण*
**बिलासपुर।** रामनवमी के पावन अवसर पर बिलासपुर से अयोध्या धाम के लिए निकलने वाली 1008 रामभक्तों की निशुल्क यात्रा की तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। इसी क्रम में समाजसेवी एवं यात्रा संयोजक **प्रवीण झा** ने नगर विधायक **अमर अग्रवाल** के नेतृत्व में रायपुर स्थित मुख्यमंत्री आवास पहुंचकर मुख्यमंत्री **विष्णु देव साय** से मुलाकात की और उन्हें इस पावन यात्रा में शामिल होने के लिए आमंत्रण पत्र सौंपा। मुख्यमंत्री ने आमंत्रण को सहर्ष स्वीकार करते हुए आयोजन की सराहना की और अपने व्यस्त कार्यक्रम के बावजूद शामिल होने का प्रयास करने का भरोसा दिलाया।
रामनवमी के अवसर पर आयोजित इस रामलला दर्शन यात्रा को लेकर बिलासपुर में श्रद्धा और उत्साह का माहौल लगातार बढ़ता जा रहा है। कुछ दिन पहले सिविल लाइन स्थित पुलिस मैदान में हुए पंजीयन के दौरान महज कुछ ही घंटों में 1008 सीटें भर जाने से रामभक्तों की अटूट आस्था देखने को मिली।
सोमवार को यात्रा समिति का प्रतिनिधिमंडल रायपुर पहुंचा। **अमर अग्रवाल** के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल में यात्रा संयोजक **प्रवीण झा** और भाजपा युवा मोर्चा नेता **रौशन सिंह** भी शामिल रहे। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री को रामनवमी पर आयोजित अयोध्या धाम यात्रा की विस्तृत जानकारी दी और बिलासपुर आकर रामभक्तों को आशीर्वाद देने का आग्रह किया।
मुख्यमंत्री **विष्णु देव साय** ने कहा कि प्रभु श्रीराम भारतीय संस्कृति, आदर्श और मर्यादा के प्रतीक हैं। **अयोध्या धाम** केवल एक तीर्थस्थल ही नहीं बल्कि करोड़ों लोगों की आस्था और विश्वास का केंद्र है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की धरती का भी प्रभु श्रीराम से गहरा आध्यात्मिक संबंध रहा है और ऐसी यात्राएं समाज में श्रद्धा, संस्कृति और एकता की भावना को मजबूत करती हैं।
यात्रा समिति के सदस्य **रौशन सिंह** ने बताया कि **राम नवमी** से एक दिन पहले 25 मार्च को सुबह 11 बजे बिलासपुर के पुलिस मैदान से 1008 रामभक्तों का जत्था अयोध्या धाम के लिए रवाना होगा। यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है और तैयारियां तेजी से जारी हैं।
Sanjeev singh Address bhartiya nagar bilaspur 7000103836
