पत्रकारिता सबसे चुनौतीपूर्ण पेशा, समाज की रीढ़ है मीडिया : के.के. शर्मा
बिलासपुर। प्रेस क्लब बिलासपुर के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता के.के. शर्मा से सौजन्य मुलाकात की। श्री शर्मा भाजपा कार्यालय में केंद्रीय बजट को लेकर आयोजित पत्रकार वार्ता में शामिल होने पहुंचे थे। वार्ता के उपरांत प्रेस क्लब की कार्यकारिणी ने उनसे भेंट कर पत्रकारिता से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की।
इस अवसर पर श्री शर्मा ने अपने पत्रकारिता जीवन के अनुभव साझा करते हुए बताया कि राजनीति में आने से पहले वे स्वयं सक्रिय पत्रकार रहे हैं। उन्होंने ‘मुख पत्र सामना’, ‘दैनिक जागरण’ सहित कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों में पत्रकार से लेकर सह-संपादक तक की जिम्मेदारी निभाई है। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता सभी पेशों में सबसे अधिक चुनौतीपूर्ण कार्य है, क्योंकि इसमें सच्चाई, निष्पक्षता, जिम्मेदारी और समाज के प्रति जवाबदेही का संतुलन बनाए रखना पड़ता है।
श्री शर्मा ने प्रिंट मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया, वेब पोर्टल और सोशल मीडिया की वर्तमान भूमिका पर भी विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि बदलते दौर में मीडिया के स्वरूप में भले ही परिवर्तन आया हो, लेकिन समाज को सही दिशा देने में इसकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण बनी हुई है। विशेष रूप से प्रिंट मीडिया के महत्व को रेखांकित करते हुए उन्होंने कहा कि आज भी उसकी विश्वसनीयता, तथ्यपरकता और गहराई समाज के लिए बेहद जरूरी है।
मुलाकात के दौरान प्रेस क्लब अध्यक्ष अजीत मिश्रा, उपाध्यक्ष विजय क्रांति तिवारी, कोषाध्यक्ष किशोर कुमार सिंह, सह सचिव हरिकिशन गंगवानी, कार्यकारिणी सदस्य कैलाश यादव, पूर्व अध्यक्ष तिलक राज सलूजा, वरिष्ठ पत्रकार निर्मल माणिक सहित बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
Sanjeev singh Address bhartiya nagar bilaspur 7000103836
