ग्राम रौना में तीन दिवसीय रामायण सम्मेलन भव्यता व श्रद्धा के साथ संपन्न
रिपोर्टर: तरुण साहू, बालोद
गुंडरदेही।
विकासखंड गुंडरदेही के ग्राम रौना में तीन दिवसीय रामायण सम्मेलन का आयोजन बड़े ही भाव-भक्ति, श्रद्धा एवं शांतिपूर्ण वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस धार्मिक आयोजन में ग्राम सहित आसपास के क्षेत्रों से श्रद्धालुओं की भारी उपस्थिति देखने को मिली।
सम्मेलन के दौरान दूर-दराज से आमंत्रित रामायण मंडलियों ने अपने सुमधुर पाठ एवं भजनों के माध्यम से उपस्थित जनसमूह को आध्यात्मिक रस से सराबोर कर दिया। प्रत्येक दिन रामचरितमानस की चौपाइयों, भजनों और प्रसंगों का भावपूर्ण प्रस्तुतिकरण किया गया।
सम्मेलन के समापन दिवस पर विशेष आकर्षण के रूप में सुप्रसिद्ध पंडवानी गायिका श्रीमती सुलेना मानिकपुरी (ग्राम खुरसुल, अर्जुंदा) की मनमोहक प्रस्तुति रही। उनकी ओजस्वी व मधुर वाणी ने पंडवानी के माध्यम से रामकथा को जीवंत कर दिया, जिसे श्रोताओं ने खूब सराहा।
कार्यक्रम का सफल संचालन अपनी मीठी व प्रभावशाली आवाज़ से देवघर साहू एवं चंदन बिरही ने किया। आयोजन को सफल बनाने में संयोजक समिति तथा समस्त ग्रामवासियों का सराहनीय योगदान रहा।
अंत में आयोजकों द्वारा सभी अतिथियों, कलाकारों एवं श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया गया। ग्राम रौना में आयोजित यह रामायण सम्मेलन सामाजिक एकता, धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक परंपरा का सुंदर उदाहरण बना।
Sanjeev singh Address bhartiya nagar bilaspur 7000103836
