[responsivevoice_button voice="Hindi Female" buttontext="यह खबर हिंदी आडिओ में सुने "]

*बीएनआई बिलासपुर व्यापार एवं उद्योग मेला 2026: व्यापार, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार का संगम*

बीएनआई बिलासपुर व्यापार एवं उद्योग मेला 2026: व्यापार, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार का संगम

आदर्श दंपतियों व नन्ही प्रतिभाओं का सम्मान, 10 से अधिक झूलों ने बढ़ाया मेले का आकर्षण

बिलासपुर।
साइंस कॉलेज मैदान, सरकंडा में बीएनआई बिलासपुर द्वारा आयोजित व्यापार एवं उद्योग मेला 2026 शहरवासियों के लिए व्यापार, उद्योग, मनोरंजन और सामाजिक दायित्व का भव्य मंच बनकर उभरा है। यह मेला 29 जनवरी से 3 फरवरी तक प्रतिदिन सुबह 10 बजे से रात 10 बजे तक आयोजित किया जा रहा है, जिसे नागरिकों और व्यापारिक समुदाय से भरपूर सराहना मिल रही है।

शनिवार को मेले के मुख्य अतिथि बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता संभागीय आयुक्त सुनील जैन ने की। अति विशिष्ट अतिथियों में अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. एडीएन वाजपेयी, पं. सुंदरलाल शर्मा विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. सी.के. सरस्वत, सीवी रमन विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. अरविंद तिवारी, सीएमडी कॉलेज अध्यक्ष संजय दुबे एवं सिंधी सेंट्रल पंचायत अध्यक्ष विनोद मेघानी शामिल रहे। अतिथियों ने मेले की भव्यता और इसके सामाजिक-आर्थिक उद्देश्य की प्रशंसा की।

मेले में व्यापारिक और सामाजिक स्टॉलों की विविधता आकर्षण का केंद्र रही। फूड स्टॉल, क्राफ्ट बाजार, रियल एस्टेट, लाइफस्टाइल, हॉस्पिटल, रोजगार मेला, साथ ही निःशुल्क स्वास्थ्य, नेत्रदान और रक्तदान शिविर लगाए गए हैं। बच्चों और परिवारों के मनोरंजन के लिए 10 से अधिक प्रकार के झूले भी उपलब्ध हैं।

50 वर्ष पूर्ण कर चुके आदर्श दंपतियों का सम्मान

शनिवार को आयोजित सम्मान समारोह में 50 वर्ष का वैवाहिक जीवन पूर्ण कर चुके 10 आदर्श दंपतियों को मंच से सम्मानित किया गया। सम्मानित दंपतियों में
नरेश सुल्तानिया–किरण सुल्तानिया, प्रेम त्रिहान–सुमन त्रिहान, विंसेंट गॉटलिब–स्नेहलता गॉटलिब, मदन गोपाल सिंह–रूपा सिंह, जमनादास कक्कड़–पुष्पांजलि कक्कड़, विनोद पाठक–कल्याणी पाठक, राममणि पांडेय–सावित्री पांडेय, एल.एन. गुरुदीवान–कमलेश गुरुदीवान, प्रमोद प्रसाद श्रीवास्तव–प्रभा श्रीवास्तव एवं विद्या भूषण शर्मा–हरबती शर्मा शामिल रहे। सभी को ₹5000 का कूपन भी प्रदान किया गया।

ग्लैमोरा एवं आईआईएफटी सीजन 3.0

मेले में ग्लैमोरा और आईआईएफटी सीजन 3.0 के तहत रैंप वॉक आयोजित हुआ, जिसमें मिस्टर बिलासपुर, मिस बिलासपुर, मिस कॉन्फिडेंस और बेस्ट मॉडल का चयन किया गया। निर्णायक मंडल में मिस यूनिवर्स छत्तीसगढ़ डॉ. अंजली पवार और इंटरनेशनल एथलीट एवं गोल्ड मेडलिस्ट रोहन शाह शामिल रहे।

आज के प्रमुख कार्यक्रम

रविवार को मेले में हेल्दी बेबी प्रतियोगिता, मेहंदी व रंगोली प्रतियोगिता, इंटर स्कूल डांस प्रतियोगिता (20 से अधिक स्कूलों की भागीदारी), किड्स स्पेशल एचीवमेंट अवॉर्ड सेरेमनी, स्पेशल चाइल्ड ब्लाइंड स्कूल के बच्चों की प्रस्तुति एवं फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।

अतिथियों के विचार

विधायक सुशांत शुक्ला ने कहा, “यह धन कमाने से अधिक सरोकार कमाने का अवसर है। सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्योगों का यह संगम समतामूलक समाज का प्रतीक है।”

संभागीय आयुक्त सुनील जैन ने कहा, “25 वर्षों की यह परंपरा सराहनीय है। बीएनआई ने आर्थिक प्रगति के साथ सामाजिक जिम्मेदारी को भी निभाया है।”

डॉ. एडीएन वाजपेयी ने कहा, “छोटे उद्योग भारत की समृद्धि की रीढ़ हैं। बीएनआई मेला उन्हें सही दिशा देता है।”

डॉ. अरविंद तिवारी ने कहा, “स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने वाला यह मेला राज्य और राष्ट्र की समृद्धि का आधार है।”

बीएनआई बिलासपुर डायरेक्टर किरण पाल ने कहा, “रक्तदान, नेत्रदान और देहदान मानवता की सच्ची सेवा हैं। बीएनआई सामाजिक उत्तरदायित्व के लिए सदैव प्रतिबद्ध है।”

बीएनआई बिलासपुर व्यापार एवं उद्योग मेला 2026 व्यापारिक अवसरों, सामाजिक चेतना और पारिवारिक मनोरंजन का ऐसा मंच बन गया है, जो शहर के लिए प्रेरणा और गौरव का विषय है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *