स्काउट एक जीवन पद्धति है, जो चुनौतियों से जूझना और अभावों में जीना सिखाती है : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय
बालोद के ग्राम दुधली में प्रथम राष्ट्रीय रोवर-रेंजर जंबूरी का भव्य समापन
बालोद, 12 जनवरी 2025। तरुण साहू जिला ब्यूरो ब्यूरो,
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने कहा कि स्काउट-गाइड एक जीवन पद्धति है, जो व्यक्ति को चुनौतियों का सामना करना, अनुशासन में रहना और अभावों में भी सकारात्मक जीवन जीना सिखाती है। स्काउटिंग से प्राप्त मूल्य और आदर्श न केवल व्यक्तिगत भविष्य को सशक्त बनाते हैं, बल्कि राष्ट्र और समाज के नव-निर्माण में भी अहम भूमिका निभाते हैं।
मुख्यमंत्री श्री साय बालोद जिले के ग्राम दुधली में आयोजित प्रथम राष्ट्रीय रोवर-रेंजर जंबूरी के भव्य एवं रंगारंग समापन समारोह को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने देश के विभिन्न राज्यों से पधारे रोवर-रेंजरों एवं स्काउट-गाइड्स का भगवान श्रीराम के ननिहाल और माता शबरी की तपोभूमि छत्तीसगढ़ में आत्मीय स्वागत और अभिनंदन किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
देशभर की संस्कृति का अद्भुत संगम
09 से 13 जनवरी तक आयोजित पाँच दिवसीय इस राष्ट्रीय जंबूरी के समापन अवसर पर विशाल जनसैलाब उमड़ पड़ा। देश के विभिन्न राज्यों से आए रोवर-रेंजरों ने अपनी-अपनी कला और संस्कृति पर आधारित मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं। झांकियों, नृत्य और लोक-संगीत के माध्यम से भारत की विविधता में एकता का जीवंत प्रदर्शन हुआ, जिसने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि देश में पहली बार इस स्तर की राष्ट्रीय रोवर-रेंजर जंबूरी का आयोजन छत्तीसगढ़ में होना राज्य के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि है। यह आयोजन प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” की संकल्पना को साकार करता है। उन्होंने युवाओं को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
युवाओं में नेतृत्व, सेवा और आत्मनिर्भरता का विकास
मुख्यमंत्री ने स्वामी विवेकानंद के प्रेरक वाक्य “उठो, जागो और तब तक मत रुको जब तक लक्ष्य प्राप्त न हो जाए” का उल्लेख करते हुए युवाओं से आदर्शों पर चलने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जंबूरी के दौरान हुई विभिन्न गतिविधियों से युवाओं में नेतृत्व क्षमता, टीम भावना, आत्मनिर्भरता और सेवा भाव का विकास होता है।
मुख्यमंत्री ने अपने जीवन संघर्षों का उल्लेख करते हुए युवाओं को चुनौतियों से न घबराने की प्रेरणा दी। साथ ही, स्काउट-गाइड आंदोलन की स्थापना (1907) और उसके आदर्श वाक्य “तैयार रहो” के महत्व को रेखांकित किया। कोरोना काल में स्काउट-गाइड्स द्वारा किए गए सेवा कार्यों की उन्होंने सराहना की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के “बाल विवाह मुक्त भारत अभियान” की शपथ भी दिलाई और छत्तीसगढ़ की समृद्ध आदिवासी संस्कृति व युवाओं के लिए सृजित हो रहे रोजगार अवसरों की जानकारी दी।
युवा संसद और एथनिक फैशन शो रहे आकर्षण का केंद्र
स्कूल शिक्षा मंत्री एवं राज्य स्काउट-गाइड अध्यक्ष श्री गजेंद्र यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन में यह राष्ट्रीय जंबूरी सफलतापूर्वक संपन्न हुई। जंबूरी के दौरान युवा संसद, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और आदिवासी संस्कृति पर आधारित एथनिक फैशन शो जैसे कार्यक्रम विशेष आकर्षण का केंद्र रहे।
इस अवसर पर राष्ट्रीय मुख्य आयुक्त डॉ. के.के. खंडेलवाल ने शिक्षा मंत्री श्री गजेंद्र यादव को सिल्वर एलीफेंट अवार्ड से सम्मानित किया।
15 हजार से अधिक रोवर-रेंजरों की सहभागिता
उल्लेखनीय है कि इस प्रथम राष्ट्रीय रोवर-रेंजर जंबूरी में देश-विदेश से आए 15 हजार से अधिक रोवर-रेंजरों ने भाग लिया। यह आयोजन न केवल छत्तीसगढ़ बल्कि पूरे देश के लिए गौरव का विषय बना।
समापन समारोह में सांसद श्री भोजराज नाग, भारत स्काउट-गाइड के राष्ट्रीय व राज्य पदाधिकारी, जिला प्रशासन के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
Sanjeev singh Address bhartiya nagar bilaspur 7000103836

[responsivevoice_button voice="Hindi Female" buttontext="यह खबर हिंदी आडिओ में सुने "]