गुंडरदेही ब्लॉक में धान खरीदी में पारदर्शिता, प्रशासन की जांच में किसानों ने स्वेच्छा से किया रकबा व धान समर्पण
बालोद ब्यूरो | चिप तरुण साहू | गुंडरदेही
बालोद जिले के गुंडरदेही विकासखंड में धान खरीदी कार्य को पूरी तरह पारदर्शी बनाने के लिए प्रशासन मुस्तैदी से जुटा हुआ है। कलेक्टर उमेश मिश्रा के मार्गदर्शन में राजस्व विभाग की टीम द्वारा लगातार भौतिक सत्यापन की कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में अर्जुंदा तहसील के अंतर्गत आने वाली सेवा सहकारी समितियों में धान का भौतिक सत्यापन किया गया। इस दौरान तहसीलदार चंद्रशेखर चंद्राकर एवं नायब तहसीलदार वीर रूद्रपति के नेतृत्व में समिति प्रबंधक एवं निगरानी समिति की संयुक्त टीम ने ग्राम कांदूल स्थित सेवा सहकारी समिति (पंजीयन क्रमांक 683) का निरीक्षण किया।
टीम द्वारा उन किसानों के घरों पर जाकर धान भंडारण की वास्तविक स्थिति की जांच की गई, जिनके पास एक, दो या तीन टोकन उपलब्ध थे। सोसायटी अंतर्गत कुल 10 किसानों के धान स्टॉक की जांच की गई, जिसमें चार किसानों ने स्वेच्छा एवं शांतिपूर्ण तरीके से 88 क्विंटल धान तथा 4.19 एकड़ रकबा समर्पित किया।
इसी प्रकार ग्राम परसतराई के तीन किसानों ने भी पारदर्शिता का परिचय देते हुए 150 क्विंटल धान समर्पित किया। कुल मिलाकर 2.85 हेक्टेयर (डिसमिल) रकबा का समर्पण किया गया।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि वास्तविक किसानों को उनकी उपज का सही लाभ मिले और धान खरीदी प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की गुंजाइश न रहे। किसानों द्वारा बिना किसी विवाद के दी गई स्वीकृति से स्थानीय प्रशासन के प्रति उनका विश्वास और मजबूत हुआ है।
प्रशासनिक अधिकारियों ने कहा कि आगामी दिनों में भी यह सत्यापन अभियान लगातार जारी रहेगा, ताकि धान खरीदी प्रक्रिया सुचारू, निष्पक्ष और पारदर्शी रूप से संचालित हो सके।
Sanjeev singh Address bhartiya nagar bilaspur 7000103836
