**नववर्ष को लेकर बिलासपुर पुलिस अलर्ट, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के नेतृत्व में चला सघन चेकिंग अभियान**
बिलासपुर।
नववर्ष 2026 के आगमन को लेकर शहर में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से बिलासपुर पुलिस द्वारा सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह (भापुसे) के नेतृत्व में जिले के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। नववर्ष के अवसर पर किसी भी प्रकार की अव्यवस्था, अपराध या अप्रिय घटना को रोकने के लिए यह अभियान व्यापक स्तर पर संचालित किया जा रहा है।
शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, लिंक रोड, रिवर व्यू क्षेत्र, व्यावसायिक इलाकों सहित संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती की गई है। थाना प्रभारियों और वरिष्ठ अधिकारियों के नेतृत्व में चल रहे इस अभियान के तहत वाहनों की सघन जांच की जा रही है। बिना नंबर प्लेट, संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त वाहन चालकों, तीन सवारी, शराब पीकर वाहन चलाने वालों और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर विशेष नजर रखी जा रही है।
पुलिस द्वारा शहर की देसी शराब भट्टियों, बार और अन्य संभावित संदिग्ध स्थानों पर भी लगातार निगरानी रखी जा रही है। अवैध शराब बिक्री, सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन और हुड़दंग करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसके साथ ही असामाजिक तत्वों, पूर्व में अपराधों में लिप्त रहे लोगों और संदिग्ध व्यक्तियों की भी बारीकी से जांच-पड़ताल की जा रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने नववर्ष की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए बिलासपुरवासियों से अपील की है कि वे नए साल का स्वागत पूरे उत्साह और आनंद के साथ करें, लेकिन कानून और सामाजिक मर्यादाओं का पालन अवश्य करें। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं से आग्रह किया कि वे जिम्मेदार नागरिक होने का परिचय दें, नशे की हालत में वाहन न चलाएं, तेज रफ्तार और स्टंट से बचें तथा किसी भी प्रकार की कानून-व्यवस्था भंग करने वाली गतिविधियों में शामिल न हों।
एसएसपी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि पुलिस का उद्देश्य लोगों को परेशान करना नहीं, बल्कि उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना है। किसी भी प्रकार का कानून उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि नववर्ष के दौरान पुलिस की पेट्रोलिंग लगातार जारी रहेगी और हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जाएगी।
बिलासपुर पुलिस का यह सघन चेकिंग अभियान शहर में सुरक्षा का भरोसा बढ़ा रहा है। आम नागरिकों ने भी पुलिस की इस पहल का स्वागत किया है। पुलिस प्रशासन ने लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि नववर्ष 2026 सभी के लिए सुरक्षित, शांतिपूर्ण और खुशहाल साबित हो सके।
Sanjeev singh Address bhartiya nagar bilaspur 7000103836

[responsivevoice_button voice="Hindi Female" buttontext="यह खबर हिंदी आडिओ में सुने "]

